Show your support

Thursday, November 12, 2020

लवी की आड़ में जुए का खेल

रामपुर में पुलिस ने दो दिन में पकड़े दो दर्जन से अधिक जुआरी, कोरोना के साए में फलफूल रहा कारोबार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रामपुर बुशहर-कोरोना ने जहां करोड़ों के व्यापार पर रोेक लगा दी है वहीं इस महामारी के साए में जुए का कारोबार खासा फलफूल रहा है। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की आड़ में जुए का काला कारोबार खूब चलता है। इस बार मेले के बीच दिवाली होने के कारण जुए के चाहवान खासे सक्रिय हो गए हैं। जहां मेले को सूक्ष्म तरीके से मनाया जा रहा है वहीं, जुए का काला कारोबार धीरे धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। पुलिस ने दो दिन में करीब दो दर्जन से अधिक जुआरियों को पकड़ा है। ऐसे में साफ है कि रामपुर व आसपास जुए का काला कारोबार शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक रामपुर के साथ लगते निरमंड क्षेत्र के ब्रौ और जगातखाना जुए का मुख्य अड्डा है। जहां पर हर वर्ष करोड़ों का जुआ खेला जाता है। इस बार भी यहां पर यह अवैध कारोबार शुरू हो चुका है, लेकिन इस बार कई जुआरियों ने अपने ठिकाने बदल दिए हैं। अब जुआरी इन मुख्य अड्डों से निकलकर रामपुर के आसपास भी खूब पैसा उड़ा रहे हैं। पुलिस जुआरियों पर पैनी नजरें बनाए हुए है लेकिन अंदरखाते करोड़ों का जुआ चल रहा है। रामपुर में बद्राश से लेकर शिंगला, हेलीपेड, झाकड़ी तक जुआरियों के गुप्त अड्डे बन चुके हैं। जहां पर गाडि़यों का खड़ी होना जारी हो चुका है। लवी और दिवाली एक साथ होने के कारण इस बार जुआरी एक का छह करने के चक्कर में हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दत्तनगर और निरसू में अलग-अलग जगह पड़ी रेड में 14 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया। इन लोगों से 42 हजार 700 रुपए बरामद किए गए। वहीं, झाकड़ी थाना के अंतर्गत रत्नपुर में 9 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया। इन लोगों से 51 हजार रुपए बरामद किए गए।

दोनों ही मामलों में पकड़े गए लोग स्थानीय हैं, जिस तरह से रामपुर के अलग अलग क्षेत्रों में जुआरी पकड़े जा रहे हैं उससे साफ है कि रामपुर व आउटर सिराज के क्षेत्रों में जुआ अपनी रफ्तार पकड़ चुका है। पुलिस ने कहा कि उनकी टीम दिन रात जुआरियों को पकड़ने में जुटी हुई है। रामपुर में जिस भी क्षेत्र में संभावित जुआरियों के होने की उम्मीद है वहां पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

The post लवी की आड़ में जुए का खेल appeared first on Divya Himachal.

No comments:

Post a Comment