Show your support

Showing posts with label Heliports. Show all posts
Showing posts with label Heliports. Show all posts

Wednesday, October 18, 2023

CM सुखविंदर सिंह सुक्खू का बड़ा ऐलान, 4 जगहों पर शुरू होंगी हेलीपोर्ट सेवाएं, किसे मिलेगा फायदा?

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य में हेली सेवाओं से जुड़ा बड़ा ऐलान किया है। सीएम ने बुधवार को ऐलान करते हुए बताया कि चम्बा, पालमपुर, रक्कड़ (कांगड़ा) और रिकांगपिओ हेलीपोर्ट के लिए किफायती हवाई किराए पर हेलीकॉप्टर सेवाएं जल्द ही शुरू होने वाली हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि यह हेलीपोर्ट उड़ान योजना के तहत चिह्नित किए गए हैं। इस दौरान सीएम ने बताया कि यहां के लिए उड़ानें शुरू होने से दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों के लिए हवाई यात्रा सुलभ हो जाएगी और इससे इन क्षेत्रों में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये नई हेलीकाप्टर सेवाएं पर्यटन और स्थानीय आबादी दोनों के लिए वरदान साबित होंगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल को पर्यटन राज्य के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो सकेंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार प्रदेश में पर्यटन बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और हवाई सम्पर्क में और सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिला मुख्यालयों पर हेलीपोर्ट स्थापित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे का वस्तिार भी प्रगति पर है।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह भी कहा कि राज्य सरकार के अथक प्रयासों से हवाई सम्पर्क सेवाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अमृतसर से कुल्लू के भुंतर तक हवाई उड़ानें शुरू की जा चुकी हैं। ये राज्य में पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी में मददगार साबित होगा क्योंकि अमृतसर हवाई अड्डा कई घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ने वाला एक प्रमुख केंद्र है। इस बारे में जानकारी देते हुए सीएम सुक्खू ने यह भी बताया कि राज्य के युवाओं को इससे रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही राज्य में टूरिज्म के भी बढ़ने की संभावना है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ ही राज्य के राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी।