बीबीएन— प्रदेश में नया निवेश आकर्षित करने के लिए अगस्त माह से देश के प्रमुख शहरों में निवेशक सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इन सम्मेलनों में सरकार व उद्योग विभाग के साथ-साथ प्रदेश में उद्योग स्थापित करने चुके बडे़ औद्योगिक घरानों के मालिक ब्रांड एंबेसेडर बनकर निवेशकों को हिमाचल में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगें। यह जानकारी उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नालागढ़ के होटल ज्ञानज में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान दी। उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार औद्योगिक प्लाटों के लिए धारा 118 की शर्त को हटाने की कवायद में है, इसे चरणबद्ध ढंग से अमलीजामा पहनाया जाएगा। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए सलाहकार परिषद का गठन किया जाएगा, जिसमें बडे़ औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधियों को बतौर सदस्य शामिल किया जाएगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि बद्दी-नालागढ़ क्षेत्र को रेल लाइन से जोड़ने के लिए 300 करोड़ की परियोजना में प्रदेश सरकार द्वारा अपने हिस्से की राशि जमा करवाने हेतु सैद्धांतिक तौर पर मंजूरी दे दी गई है और इस संबंध भारत सरकार के साथ समझौता ज्ञापन कर लिया गया है। पिंजौर-नालागढ़ के फोरलेन की प्रक्रिया चल रही है, इसका काम जल्द शुरू हो इस संबध में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बीबीएनडीए क्षेत्र में नाबार्ड के अंतर्गत 15 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों को पक्का करने तथा रखरखाव का कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 10 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है जिसमें से नालागढ़ के लिए चार सपर्क सड़कों की डीपीआर स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास कारपोरेशन द्वारा नालागढ़ तथा बद्दी में 25 करोड़ रुपए के विभिन्न निर्माण कार्य प्रगति पर हैं इसके अलावा 70 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस दौरान उद्योग निदेशक राजेंद्र सिंह, श्रमिक कल्याण बोर्ड के चेयरमैन हरदीप बावा, एसडीएम ललित जैन, पूर्व विधायक लखविंद्र राणा, अवतार सैणी, उद्योग उपनिदेशक अंशुल धीमान , सदस्य सचिव राजेश शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment