मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने आज चंबा जिला के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र भटियात और चंबा का दौरा किया। मुख्यमंत्री जी ने इन दोनों विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की लागत वाली विकास परियोजनाओं के शुभारंभ किए।
मुख्यमंत्री जी ने भटियात में किए 48.77 करोड़ की लागत वाले विकास कार्यों के शुभारंभ
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने आज चंबा जिला के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र भटियात के सिहुंता चौगान में 48.77 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन कार्यों में 24.62 करोड़ रुपये की लागत से नैनी खड्ड से समलेऊ सड़क व 9.38 करोड़ रुपये की लागत वाले समोट से द्रमनाला सड़क का स्तरोन्नयन, 3.21 करोड़ रुपये की लागत से कनेड़ नाला से नैनी खड्ड चुहान सड़क पर बनने वाले 33.50 मीटर लंबे स्टील के पुल व 1.89 करोड़ रुपये की लागत से चुवाड़ी केंथली सड़क पर मलेड खड्ड के ऊपर बनने वाले 25 मीटर लंबे आरसीसी बाॅक्स गरडर पुल का निर्माण, 4.25 करोड़ रुपये की लागत वाली चक्की खाडव रायपुर कुहल व 5.42 करोड़ रुपये की लागत वाली खग्गल सिहुंता बहाव सिंचाई योजना की रिमाॅडलिंग शामिल है।
कोरोना संकट में हिमाचलवासियों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही हिमाचल सरकार
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत सिहुंता में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा देश के विभिन्न क्षेत्रों कोटा, बंगलुरू, गोवा, चंडीगढ़ और दिल्ली में फंसे हिमाचलवासियों को राज्य में सुरक्षित वापस लाया गया। वापस लाये गए सभी 2.5 लाख लोगों को घर भेजने से पूर्व नियमानुसार उनका कोरोना टेस्ट किया गया और क्वारंटीन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी के अनुग्रह पर हिमाचल विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया गया परन्तु विधानसभा में इस विषय में कोई ठोस चर्चा नहीं हो पायी। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस तरह की घटिया राजनीति न करने का आग्रह किया जबकि देश और प्रदेश संकट के समय से गुजर रहा है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी गतिशील नेतृत्व के लिए प्रशंसा के पात्र
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी गतिशील नेतृत्व के लिए प्रशंसा के पात्र हैं क्योंकि हर प्रकार की मुसीबतों और कठिनाईयों के दौरान भी वह देश का बेहतरीन मार्गदर्शन कर रहे हैं। आज दशकों पुराने अनुच्छेद 370 और 35 (ए) का संकट, अयोध्या मामला और दूसरी सभी समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को कोविड-19 की समस्या से सफलतापूर्वक बाहर निकाला है। पूरा देश श्री नरेंद्र मोदी जी के गतिशील नेतृत्व पर विश्वास करके उनका अनुसरण कर रहा है। आज केवल प्रधानमंत्री के दृढ़ प्रयासों से ही देश में पीपीई किट्स तैयार करना संभव हो पाया है। आज देश में प्रतिदिन 5 लाख पीपीई किट्स तैयार की जा रही है। मोदी के गतिशील नेतृत्व और ऊर्जावान प्रबंधन के फलस्वरूप बिहार के लोगों ने एनडीए के पक्ष में मतदान किया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सावधानियां अपनाने का आग्रह किया क्योंकि इस वायरस की वैक्सिन अभी तक उपलब्ध नहीं है।
कोरोना को हराने के लिए बरतें सावधानियां
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने प्रदेशवासियों से कोरोना वायरस से मुकाबला करने के लिए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सावधानियां अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के कारण प्रदेश में विकास की गति प्रभावित हुई है। परन्तु अब किसी भी तरह की ढील स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में हासिल करने के निर्देश दिए।
हिमाचल सरकार कारोड़ों की राशि से कर रही भटियात का विकास
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के लोगों से अपरिहार्य परिस्थियों के कारण लोकसभा चुनाव के पश्चात् भटियात विधानसभा क्षेत्र का दौरा न कर पाने पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भाजपा प्रत्याशी को भारी मत प्रदान कर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सरकार द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए पिछले तीन वर्षों में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में 148 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकासात्मक कार्य, 185 करोड़ रुपये के लोक निर्माण कार्य और 287 करोड़ रुपये के जलशक्ति विभाग के कार्य कार्यान्वित किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से आगामी पंचायत चुनाव में समझदारी से वोट करने की अपील की।
जनता की मांगों पर मुख्यमंत्री जी ने की घोषणाएं
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र समोट को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, राजकीय माध्यमिक पाठशाला ककरोटी घट्टा व सरोग को राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला और राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला डाढ़ू को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने भटियात विधानसभा क्षेत्र में अग्निशमन उप-केन्द्र खोलने की घोषणा की और भटियात विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में एसडीपीओ कार्यालय, पुलिस थाना व चैकी खोलने के प्रस्तावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने भटियात विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग मण्डल कार्यालय खोलने की घोषणा की और जलशक्ति मण्डल कार्यालय की मांग को युक्तिकरण के पश्चात् खोलने पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने चुवाड़ी उप बस डिपो को बस डिपो में स्तरोन्नत करने की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि चुवाड़ी में नागरिक न्यायालय की मांग को तर्कसंगत पाए जाने और औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात् खोला जाएगा।
स्वयं सहायता समूहों को भेंट की पत्तल व डोना बनाने की मशीनें
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने जिला चम्बा के चार स्वयं सहायता समूहों को पत्तल व डोना बनाने की मशीनें भेंट की। यह मशीनें पर्यावरण, विज्ञान एवं तकनीकी विभाग के सौजन्य से स्वरोजगार सृजन गतिविधियों के तहत इन स्वयं सहायता समूहों को प्रदान की गई। वन मंत्री श्री राकेश पठानिया जी ने लोगों से हिमाचल प्रदेश में आगामी 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव में वर्तमान भाजपा सरकार को पुनःनिर्वाचित कर इतिहास रचने के लिए लोगों से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस पार्टी नेतृत्वविहिन है, क्योंकि कांग्रेस के कई व्यक्ति पार्टी का नेतृत्व करने की कोशिश कर रहे हैं।
स्थानीय विधायक ने बताई मांगें
लोक सभा सांसद श्री किशन कपूर जी ने बिहार चुनाव में एनडीए की जीत के लिए लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग के लिए 196 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है और इसका कार्य दिवाली के पश्चात् पुनः आरम्भ किया जाएगा। स्थानीय विधायक श्री विक्रम सिंह जरयाल जी ने भटियात विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी और क्षेत्र के लोगों की विभिन्न मांगें रखी। इससे पूर्व भाजपा मंडलाध्यक्षा दिव्या चक्षु ने मुख्यमंत्री व अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
चंबा विधानसभा क्षेत्र में किए 113 करोड़ के शिलान्यास
5.85 करोड़ से होगा परौथा से सारा सड़क का निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने 5.85 करोड़ रुपये की लागत से परौथा से सारा सड़क के निर्माण कार्य, 3.36 करोड़ रुपये की लागत से कलसुइं से तराला सड़क, 2.95 करोड़ रुपये की लागत से सिमली से फतेहपुर सड़क, 2.23 करोड़ रुपये की लागत से शाहपुर सिहुंता चुवाड़ी चम्बा सड़क को चौड़ा करने व सुधार कार्य तथा 25.03 करोड़ रुपये की लागत से चम्बा में पार्किंग परिसर का शिलान्यास किया। उन्होंने 3.80 करोड़ रुपये की लागत से जिला रोजगार कार्यालय चम्बा के लिए माॅडल केरियर सेंटर, 3 करोड़ रुपये की लागत से चम्बा शहर के मोहल्ला कसाकड़ा में वेंडर शाॅपस, 1.30 करोड़ रुपये की लागत से चनेड़ चमदोली सड़क पर गगला नाला पर 30 मीटर आरसीसी बाॅक्स गरडर पुल तथा 4.55 करोड़ रुपये की लागत से मिलेनियम पाॅलिटेक्निक काॅलेज चम्बा में 100 बिस्तरों वाले लड़कों के छात्रावास का शिलान्यास किया।
वेंडर शाॅपस बनने से चम्बा शहर में कम होगी भीड़
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि मोहल्ला कसाकड़ा में बनने वाली वेंडर शाॅपस से चम्बा शहर में भीड़ कम करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्किंग परिसर में शहर के लोगों की सुविधा के लिए 350 वाहनों से अधिक पार्किंग क्षमता होगी। उन्होंने अधिकारियों को इन सभी परियोजनाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वेंडर शाॅपस के अलावा सभी परियोजनाओं की निविदाएं प्रदान कर दी गई हैं तथा वेंडर शाॅपस की निविदाएं शीघ्र ही प्रदान कर दी जाएंगी।
हिमाचल सरकार ने चम्बा के समग्र विकास को दी सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि चम्बा प्रदेश का दूरदराज तथा पिछड़ा जिला है तथा प्रदेश सरकार ने इस जिले के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने तीव्र विकास सुनिश्चित करने के लिए चम्बा जिला को विशेष दर्जा भी प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी अभी समाप्त नहीं हुई है तथा प्रदेश के लोगों से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अधिक सावधानी बरतते हुए फेस मास्क का उपयोग करें तथा सामाजिक दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि लोग विवाह इत्यादि जैसे सामाजिक समारोहों के दौरान लापरवाही बरत रहे हैं, जिसके फलस्वरूप प्रदेश में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं।
कोरोना योद्धाओं को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने इस अवसर पर कोरोना योद्धाओं को भी सम्मानित किया। जिला चम्बा में विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस जिले ने विकास के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है। उन्होंने कहा कि चम्बा चिकित्सा महाविद्यालय का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने राजकीय माध्यमिक पाठशाला मनकोट, काफिला और कागा को उच्च माध्यमिक पाठशाला के रूप में और राजकीय प्राथमिक पाठशाला धमग्राम, ओएल और ककेला को माध्यमिक पाठशाला के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने चम्बा मेडिकल कॉलेज के लिए लोक निर्माण विभाग उप-मण्डल और कनिष्ठ अभियंता प्रभाग खोलने की घोषणा भी की।
केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश का संतुलित विकास सुनिश्चित किया
सांसद श्री किशन कपूर जी ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश का संतुलित विकास सुनिश्चित किया है। देश में जनधन योजना के अंतर्गत लगभग 31 करोड़ बैंक खाते खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के हाथों में देश सुरक्षित है और अपनी सीमाओं की सुरक्षा करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370, सीएए और तीन तलाक को समाप्त करना ऐतिहासिक निर्णय थे, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में ही संभव हो पाया है। चम्बा के विधायक श्री पवन नय्यर जी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का इस क्षेत्र का यह चौथा दौरा है जो चम्बा के लोगों के प्रति उनके प्रेम व उदारता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चम्बा में कार पार्किंग के शिलान्यास से मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है। उन्होंने पूर्व निर्मित ढांचे से निर्मित होने वाली दुकानों का शिलान्यास करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया जो दुकानदारों की आजीविका कमाने में सहायक सिद्ध होंगी।
courtesy: CMO Himachal Pradesh











No comments:
Post a Comment