20 साल बाद शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर होगी देवता डोमेश्वर की जातर, आज हजारों की संख्या में इकट्ठे होंगे देवता के कलेणें-देवलू
ठियोग-जिला शिमला के ऊपरी क्षेत्रों के प्रसिद्ध आराध्य देवता डोमेश्वर महाराज गुठाण की 20 वर्षों के बाद शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में जातर होने जा रही है। इस ऐतिहासिक देव उत्सव में हजारों की संख्या में लोग भाग लेंगे। इसकी सभी औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है और प्रशासन से इसकी अनुमति भी ली गई है। इस देव कार्यक्रम में शिमला में रहने वाले देवता के कलेणों के अलावा अन्य काफी अधिक संख्या में लोग भाग लेंगे। रिज पर वाद्य यंत्रों के साथ चोल्टू देव नृत्य होगा। डोम देवता महाराज की जातर रथ-यात्रा 20 वर्षों के बाद इन दिनों निचले हिमाचल के अलावा क्षेत्र की परिक्रमा पर है। यह एक भव्य ऐतिहासिक व प्राचीन परंपराओं से जुड़ा हुआ देव उत्सव है। देवता कमेटी के प्रमुख कारदार मदनलाल वर्मा बताते हैं कि देवता डोम महाराज की जातर की परंपरा प्राचीन समय से चली आ रही है। उन्होंने बताया कि रियासती समय में जुन्गा स्थित क्योंठल रियासत के राजपरिवार के किसी व्यक्ति पर कोई विपदा आई थी, जिसे डोम देवता महाराज ने दूर किया था। तब से यह परंपरा शुरू हुई और उसके बाद परंपरा यह बनी कि राजपरिवार में टिक्का का जन्म होने पर जातर आयोजित की जाती थी। लेकिन डोम देवता के कलेंणें अधिक होने से इसे पूरा कर पाना संभव न था, जिसके बाद देवता के कारदारों ने जुन्गा के राजा से अनुमति लेकर इस जातर को अब 20 साल बाद करवाने का फैसला लिया। देवता के कारदारों के अनुसार देवता की जातर लोक कल्याण व इलाके की सुख शांति के लिए भी आयोजित की जाती है। परंपरा बीस वर्ष के बाद की है। डोमेश्वर देवता महाराज जिला शिमला के प्रमुख देवठियों में से एक है। जिसकी लोग बड़ी पूजा करते हैं। माना जाता है कि डोम देवता के पास जो भी जाता है, वह उसकी हर मुराद को पूरी कर देते हैं। देवता महाराज को अपने कलेंणे व कारदारों पर भी विशेष आशीर्वाद रहता है और इलाके में सुख-समृद्धि के लिए डोम देवता को सबसे पहले याद किया जाता है। जातर रथ यात्रा पूर्ण होने तक डोम देवता रथ में ही विराजमान रहेंगे। रथ में ही उनकी पूजा-अर्चना होगी। इस यात्रा को पूरा करने में करीब चार वर्ष का समय लग जाएगा और यात्रा पूरी होने पर डोम देवता अपनी पावन स्थली गुठाण आएंगे और एक विशाल महायज्ञ जिसे स्थानीय भाषा में बढ़ातर की संज्ञा दी गई है का आयोजन किया जाएगा। उसके बाद ऐतिहासिक प्रसिद्ध शक्ति पीठ नगरकोट जाकर स्नान कर अपने मंदिर गुठाण में प्रवेश करेंगे।
The post डोम देवता करते हैं हर मुराद पूरी appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment