शिमला –अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इक्डोल में की गई 10 प्रतिशत फीस वृद्धि के विरोध में कुल सचिव को ज्ञापन सौंपा। इकाई मंत्री मुनीष वर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमेशा से गुणवत्ता पूर्ण व सस्ती शिक्षा की बात करती है। इक्डोल के माध्यम से प्रदेशभर के हजारों ऐसे छात्र शिक्षा ग्रहण करते हैं जो रेगुलर शिक्षा प्राप्त नहीं कर सकते। इसमें प्रदेशभर के निर्धन परिवारों से संबंध रखने वाले बहुत से छात्र हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इक्डोल में 10 प्रतिशत की जो फीस वृद्धि की गई है विद्यार्थी परिषद इस फीस वृद्धि का विरोध करती है। प्रशासन को तुरंत प्रभाव से इसे वापस लेने की मांग की गई है। इकाई अध्यक्ष विशाल वर्मा ने कहा कि एक तरफ प्रदेश की सरकार व विश्वविद्यालय प्रशासन प्रदेश के हर वर्ग तक शिक्षा मुहैया करवाने की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वहीं दूसरी तरफ आए दिन अपने तानाशाही नीतियों से फीसों में वृद्धि कर प्रदेश के गरीब वर्ग के छात्रों से शिक्षा को दूर कर रहे हैं। यदि इसी प्रकार प्रदेश में आए दिन फीस बढ़ोतरी होती रही तो निजी व सरकारी विश्वविद्यालय में कोई अंतर नहीं रह जाएगा। इक्डोल में हुई इस फीस वृद्धि को विद्यार्थी परिषद बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। विश्वविद्यालय द्वारा जो शिक्षा का व्यापारीकरण करने का प्रयास किया जा रहा है विद्यार्थी परिषद इसका कड़ा विरोध करती है। यदि प्रशासन बड़ी हुई फीसों के इस निर्णय को शीघ्र वापस नहीं लेता है तो परिषद विश्वविद्यालय प्रशासन व प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन करने में गुरेज नहीं करेगी।
The post फीस वृद्धि पर बिफरी एबीवीपी appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment