शिमला में धूमधाम से मनाया गणतंत्र दिवस, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह समेत कई नेता व अधिकारी रहे मौजूद
शिमला –राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 71वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रय ने राष्ट्रीय झंडा फहराया। उन्होंने यहां परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। यहां गणतंत्र दिवस के मौके पर लोगों का बड़ा हुजूम था जिन्होंने परेड देखी और रंगारंग कार्यक्रम का लुत्फ उठाया। शिमला में मुख्य समारोह के अलावा जिला के अलग-अलग हिस्सों में भी गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। शिमला में हुए राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर भी मौजूद रहे। परेड का नेतृत्व 2-नागा रेजिमेंट के कैप्टन निखिल कुमार ने किया। इस अवसर पर नागा रेजिमेंट, भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस, उत्तराखंड पुलिस, सेना पाईप बैंड, हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस, शिमला जिला पुलिस, शिमला यातायात पुलिस, हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक, हिमाचल प्रदेश अग्निशमन सेवा दल, पूर्व सैनिक, एन.सी.सी, एन.एस.एस. हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक बैंड, भारत स्काउट एण्ड गाईड, हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन, हिमाचल प्रदेश डाक सेवा, श्वान दस्ता सी.आई.डी. शिमला और हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड की टुकडि़यों द्वारा मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक गतिविधियों को प्रदर्शित करती झांकियां भी दिखाई गईं। गणतन्त्र दिवस के अवसर पर जिला और उपमंडल स्तर पर भी समारोह आयोजित किए गए। इस अवसर पर ध्वजारोहण, मार्च पास्ट और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। उधर राजभवन में राज्यपाल ने इस अवसर पर एट होम का भी आयोजन किया। यहां उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश के अलावा अन्य न्यायधीश, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह समेत कई नेता व अधिकारी मौजूद रहे।
The post राज्यपाल ने रिज पर फहराया तिरंगा appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment