शिमला –जिला शिमला में मौसम मंगलवार से फिर से रौद्र रूप दिखाएगा। मौसम विभाग ने जिला के अनेक स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होने का येलो अलर्ट जारी किया है। 29 जनवरी को भी अनेक स्थानों पर बारिश बर्फबारी होगी। 30 जनवरी को मौसम साफ बना रहेगा। 31 जनवरी से दो फरवरी तक मौसम फिर से खराब बना रहेगा, जो जिला को फिर से शीतलहर की चपेट में ले सकता है। सोमवार को दिनभर आसमान में काले बादल घिरे रहे। आसमान में बादलों के घिरने से तापमान में फिर से गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट रिकॉर्ड की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान फि र से लुढ़क कर दो डिग्री से नीचे आ गया है, जबकि बीते दिनों के दौरान चटक धूप खिलने से न्यूनतम तापमान बढकर पांच डिग्री से पार हो गया था, लेकिन तापमान में एकाएक भारी गिरावट आने से जिला में कडाके की ठंड पड़ रही है। खासतौर पर जिला के ऊपरी क्षेत्रों में सुबह व शाम के समय फिर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऊपरी शिमला का पारा माइनस डिग्र्री में पहुंच गया है। कुफरी, खडापत्थर व नारकंड़ा का तापमान माइनस डिग्री में रिकार्ड किया गया है। ऐसे में अगर बारिश बर्फबारी होती है तो जनता को फिर से दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
सुधार कार्य में जुटे हैं बागबान
जिला शिमला में बीते दिनों के दौरान मौसम साफ बना रहा। दिन के समय चटक धूप खिलने के बाद बागबानों ने बागीचों का रुख कर दिया है। बागबान बारिश व बर्फबारी से हुई नमी का पूरा लाभ उठा रहे हैं। इन दिनों बागीचों में तौैलियों के निर्माण कार्य सहित पौधों की प्रूनिंग का काम जोरों पर है।
The post राजधानी… आज से बारिश-बर्फबारी को रहें तैयार appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment