रामपुर बुशहर – भारत कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की लोकल कमेटी रामपुर ने एनआरसी, सीएए व सीएबी का पुरजोर विरोध किया है। बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताआें ने अपना विरोध जताते हुए रामपुर में प्रदर्शन कर इसे निरस्त करने की मांग उठाई। पार्टी नागरिकता संशोधन एक्ट बनाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार की कड़ी आलोचना करती है। सी.पी.एम. का मानना है कि नागरिकता संशोधन एक्ट के माध्यम से नागरिकता अधिनियम, 1955 के प्रावधानों को जिस तरह से बदला गया है वह भारत की बुनियाद, भारत के संविधान पर हमला है और साथ ही भारत के संविधान के अनुच्छेद 14 व अनुच्छेद 15, जिसमें समानता का अधिकार दिया गया है, का भी खुला उल्लंघन है। पार्टी नेताओं ने कहा कि ये एक ऐसा एक्ट है, जो भारत की बुनियाद, यानि धर्मनिरपेक्षता पर ही हमला करता है। इस बिल के पारित होने के बाद पाकिस्तान, बंगलादेश और अफगानिस्तान से अवैध रूप से भारत में आए छह धर्म विशेष के लोगों को बिना वैद्य-दस्तावेजों के भी भारत की नागरिकता हासिल करने का रास्ता साफ हो गया है, जबकि दूसरी ओर एनआरसी के 1971 से वैध दस्तावेज नही होने की सूरत के देश में रह रहे नागरिकों को डिटेंशन कैंप पके भेजा जाएगा। इसमें एक धर्म विशेष के लोगों को बिलकुल बाहर रखा गया है। जबकि संविधान के अनुरूप भारतीय राज्य धर्म के आधार पर न तो किसी से भेदभाव करता है और न ही यहां धर्म के आधार पर नागरिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि पहले जिन प्रवासियों को भारत में रहते हुए 11 वर्ष हो जाते थे वे नागरिकता के लिए आवेदन के लिए योग्य होते थे, लेकिन अब यह समय सीमा भी कम की है। नागरिकता को धर्म से जोड़ा गया है, जिसके लिए कोई वैध दस्तावेज देना भी जरूरी नहीं है।
हिंदू राष्ट्र की राजनीति मंशा को थोपने का काम
नागरिकता संशोधन अधीनियम को पारित कर देश के धर्मनिरपेक्षता के स्वरूप व सिद्धांत को समाप्त कर देश मे आरएसएस के हिंदू राष्ट्र की राजनीति मंशा को थोपने का कार्य किया जा रहा है। यह संशोधित एक्ट इसलिए भी भेदभावपूर्ण है, क्योंकि यह पड़ोसी देशों से आने वाले मुस्लिम लोगों को ही अवैध प्रवासी मानता है, जबकि अन्य सभी लोगों को इस भाषा के दायरे से बाहर कर देता है। यह जानबूझ कर देश के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की चाल है। पार्टी ने इस बिल को तुरंत निरस्त करने की पुरजोर मांग उठाई है। इस प्रदर्शन में देवकी नंद, बिहारी सेवगी, कुलदीप सिंह, दयाल सिंह, ओम प्रकाश भारती, तुलाराम, प्रेम चौहान, चांदनी, राहुल, मोहित, सुनील, आशु भारती, ज्योति, बीना, साहिल, पूनम, सरसा देवी, नीमू आदि मौजूद रही।
The post सीएए प्रोटेस्ट…रामपुर में भाकपा का हल्ला appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment