रामपुर बुशहर – नगर परिषद क्षेत्र रामपुर के वार्ड नंबर-नौ खनेरी में बीते दस दिनों से तेंदुए का आतंक बरकरार है। कुछ दिनों पूर्व ही ये तेंदुआ एक पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना चुका है, जिसके बाद स्थानीय वासी शाम ढलने के बाद अपने घरों से बाहर निकलने में कतराने लगे हैं। लोगों की मांग के बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए वार्ड में पिंजरा लगा दिया है। साथ ही कैमरे लगाकर भी तेंदुए की मानीटरिंग की जा रही है। वन विभाग द्वारा पिंजरा लगाने के बाद लोगो ने कुछ राहत की सांस ली है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब जल्द ही इस तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा। स्थानीय निवासी आरपी नेगी, ईश्वर नेगी, अजीत नेगी, ललित जिष्टु, पवन, यशवंत शर्मा व अन्य लोगों ने बताया कि बीते कई दिनों से तेंदुए के चलते डर का माहौल बना हुआ है। लोग अंधेरा होने से पहले ही अपने घरों में दुबक जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस वार्ड में दर्जनों परिवार रहते हैं, जिनमें कई छोटे छोटे बच्चें भी हैं। मौजूदा समय में बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं भी नजदीक आ रही हैं और स्कूल बच्चें देर शाम तथा अंधेरा होने के बाद तक ट्यूशन पढ़कर घर लौटते हैं, जिससे परिवार के लोगों में अपने बच्चों के प्रति भय का माहौल बना रहता है कि इस दौरान किसी को कहीं तेंदुआ न मिल जाए। साथ ही स्थानीय लोगों ने वार्ड में स्ट्रीट लाइटों का काम अधूरा होने पर भी नगर परिषद और विद्युत बोर्ड के खिलाफ भारी रोष व्यक्त किया है।
The post तेंदुए के खौफ से घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हम appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment