रामपुर बुशहर –रामपुर उपमंडल की सात पंचायतों की लंबे समय से चली आ रही खनेरी-सरला परोग संपर्क मार्ग बहाली की मांग जल्द ही पूरी होने वाली है। ढ़ाई किलोमीटर लंबे इस संपर्क मार्ग पर मेंटेनेंस का कार्य पूरा होने में करीब एक माह का समय लगेगा, जिसके बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। मार्ग बहाली होते ही रामपुर की रचोली, गोपालपुर, दोफदा, लालसा, डंसा व किन्नू समेत छह पंचायतों के हजारो लोगों को खनेरी अस्पताल पहुंचने के लिए करीब सात किलोमीटर का सफर कम हो जाएगा। जानकारी के मुताबिक उक्त संपर्क मार्ग रचोली पंचायत के अधिन आता है। फिलहाल लोगों की मांग तथा इस मार्ग की एहमियत को देखते हुए पंचायत ने अपने स्तर पर मेंटेनेंस कार्य शुरू किए है। जिसके लिए पंचायत अपने 14 वें वित्त आयोग से 2 लाख रुपये की राशि खर्च कर रही है। साथ ही लोक निर्माण विभाग के पास इस सड़क मार्ग के लिए स्वीकृत हुई 5 लाख की राशि भी मेंटेनेंस कार्य को पूरा करने के लिए खर्च की जाएगी। रचोली पंचायत के प्रधान लाल चंद, उपप्रधान नारायण दास, मंगत राम, दर्शन दस, देश राज, रमेश गुप्ता, टेकचंद, मानदास, रामानंद, संजय कुमार, रविंद्र कुमार, सरोजनी देवी, कांता देवी, रक्षा देवी के अलावा व अन्य लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से इस मार्ग को सुचारू करने की मांग को उठा रहे थे। लेकिन बीते एक वर्ष से इस संपर्क मार्ग के सुधार के लिए कोई कार्य नही हो पा रहा था। पंचायत प्रधान लाल चंद ने बताया कि उक्त सड़क मार्ग से रामपुर उपमंडल की छह पंचायतों के हजारो लोगों को खनेरी अस्पताल पहुंचने के लिए करीब सात किलोमीटर का सफर कम हो जाएगा। साथ ही रचोली सड़क पर रोजाना लगने वाले जाम से भी लोगों को निजात मिलेगी। सीधे तौर पर सात पंचायतों के हजारों लोगों के लिए ये सड़क मार्ग लाभकारी रहेगा। इसको देखते हुए पंचायत ने अपने स्तर पर इस मार्ग की मेंटेनेंस का कार्य शुरू किया है। साथ लोगों की मांग के बाद सरकार की ओर से भी लोनिवि के पास इस मार्ग के लिए पांच लाख रूपयें की राशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने बताया कि करीब एक माह के भीतर मेंटेनेंस का कार्य पूरा कर मार्ग को वाहनों के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
The post जल्द बहाल होगा खनेरी-सरला रोड appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment