शिमला गेयटी थियेटर में रविवार को मतियाना छात्र संघ की ओर सांस्कृतिक कार्यक्रम डांगरू का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ठोडो नृत्य ने सभी लोगों को आकर्षित किया। कार्यक्रम में दर्शकों ने भी भरपूर आनंद उठाया। साथ ही पहाड़ी नाटी पर खूब झूमे। मतियाना छात्र संघ के लडकों की ओर से गेयटी थियेटर में ठोडो नृत्य प्रस्तुत किया गया। पारंपरिक वाद्ययंत्र के साथ इस नृत्य को छात्रों के द्वारा खेला गया। इस नृत्य को सभागार में उपस्थित पर्यटकों व स्थानीय लोगों ने खूब पसंद किया। ठोडो नृत्य हिमाचल प्रदेश का बहुत पुराना खेल है। यह खेल महाभारत युद्ध से संबंधित है, जिसे आज भी मतियाना के छात्रों ने संजोए रखा है। इस कार्यक्रम में ठियोग के पूर्व विधायक राकेश वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ गैस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर मतियाना के बीडीसी मदन वर्मा ने शिरकत की। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इसके बाद छात्र संघ की छात्रा द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। मतियाना छात्र संघ द्वारा रंगारंग कार्यक्रम में चोलटू नृत्य, मिक्स नाटी, पंजाबी, वेस्टन, सोलो आदि की प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में पहाड़ी कलाकार नाटी किंग कुलदीप शर्मा की नाटियों पर खूब लुत्फ उठाया। इस कार्यक्रम में पहाडी कलाकार नाटी किंग कुलदीप शर्मा, यशवंत डमसेठ, पंकज ठाकुर व विक्की राटा ने अपनी मधुर आवाज से लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। इन कलाकारों ने एक से बढकर एक पहाडी नाटियों को दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया। स्टेज पर आते ही कलाकारों को दर्शकों ने तालियों से स्वागत किया। कार्यक्रम के आखिर में मुख्यातिथि राकेश वर्मा ने मतियाना छात्र संघ के सभी छात्रों को पुरस्कृत किया। इस अवसर उन्होंने कहा कि ठोडो व चोलटू नृत्य प्रदेश की संस्कृति का एक अहम हिस्सा है। आधुनिक दौर में मतियाना के छात्रों द्वारा पुरानी परंपरा को आज भी संजोए रखा है, जिसे देखकर पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी पुरानी संस्कृति आज कहीं न कहीं खत्म होती जा रही है। युवा वर्ग वेस्टर्न कल्चर की ओर ज्यादा अकर्षित होते जा रहे हैं। इसके अलावा युवा वर्ग नशे की ओर बढ़ता जा रहा है, जो चिंता का विषय है। यदि युवा वर्ग नशे के दलदल में फंसता जाएगा तो देश का भविष्य खत्म हो जाएगा। उन्होंने मतियाना छात्र संघ को नशे से दूर रहने की सलाह दी।
The post गेयटी में पहाड़ी नाटी पर खूब थिरके दर्शक appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment