धर्मशाला – हिमाचल प्रदेश में रोप-वे लगाने के लिए हिमाचली आगे आ रहे हैं। प्रदेश के निवेशकों की कुछ कंपनियां यहां पांच रोप-वे लगाने की तैयारी में हैं। बीओओटी आधार पर इन निवेशकों के साथ सरकार करार करने जा रही है। बुधवार को एक कंपनी के साथ शिमला के नारकंडा से हाटू के लिए रोप-वे निर्माण पर समझौता हुआ है और धर्मशाला में चार अन्य प्रोजेक्ट्स के लिए अगले दो दिन में करार होंगे। रोप-वे कारपोरेशन के अधिकारी धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में निवेशकों के साथ एमओयू कर रहे हैं। बुधवार को यहां 173 करोड़ रुपए के नारकंडा-हाटू रोप-वे के लिए एमओयू किया गया है। इसमें 125 लोगों को सीधे रूप से रोजगार मिलेगा, तो वहीं करीब एक हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार का द्वार खुलेगा। हाटू हिमालय स्काई राइट्स नारकंडा के साथ यह समझौता किया गया है। जून, 2020 में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा। बिल्ड ऑपरेट, ऑन एंड ट्रांसफर आधार पर यह चलेगा। हिमाचल के जिन दूसरे निवेशकों के साथ धर्मशाला में अगले दो दिन तक रोप-वे प्रोजेक्ट्स के लिए एमओयू किए जाएंगे, उनमें अल्पाइन रोपवेज प्राइवेट लिमिटेड मनाली, हिमालय स्की एंड एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड, साई कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड व डलहौजी रोप-वे कंपनी शामिल हैं। अल्पाइन रोपवेज़ मनाली में रोप-वे लगाना चाहता है, जिसके लिए वह सरकार से 300 करोड़ रुपए का समझौता करेगी। इसमें 50 लोगों को सीधे व सौ को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इसी तरह हिमालय स्की कंपनी 150 करोड़ रुपए का समझौता करने जा रही है।
The post पांच रोप-वे प्रोजेक्ट appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
No comments:
Post a Comment