सरकाघाट प्रकरण की जांच में सामने आई पुलिस की लापरवाही
मंडी – मंडी जिला के समाहल गांव में वृद्धा से क्रूरता मामले में सरकाघाट पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस विभाग द्वारा करवाई गई जांच में पुलिस की लापरवाही और अपने कर्त्तव्य से पीछे हटने का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर की जा रही जांच रिपोर्ट जांच अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक मंडी को सौंप दी है, जिसके बाद इस मामले में लाइन हाजिर चल रहे सरकाघाट थाने के पूर्व एसएचओ सतीश कुमार व हैडकांस्टेबल भवदेव के खिलाफ अब विभाग ने विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। एसपी मंडी ने आईपीएस आफिसर मानव वर्मा को इस जांच का जिम्मा सौंपा है। जांच रिपोर्ट के बाद यह बात भी सिद्ध हो गई है कि शिकायतकर्ताओं द्वारा शिकायत वापस लेने के बाद भी अगर सरकाघाट पुलिस ने समय पर कानून के अनुसार मामला दर्ज कर कार्रवाई की होती, तो 81 वर्षीय वृद्धा को अमानवीय क्रूरता का शिकार नहीं होना पड़ता। समाहल गांव से संबंधित इन मामलों में हर बार पुलिस मौके पर तो गई, लेकिन शिकायतकर्ताओं के पीछे हटने की वजह से कार्रवाई नहीं की गई, जबकि मामले की संवेदनशीलता देखते हुए सरकाघाट पुलिस कानूनी कार्रवाई कर सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया, जिसकी वजह से छह नवंबर को आरोपियों ने अमानवीय घटना को अंजाम दे दिया। जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि समाहल के दोनों स्थानों पर 24 अक्तूबर को और सात नवंबर को स्थानीय पुलिस ने दौरा किया था। पूछताछ पर दोनों शिकायतकर्ताओं ने उनकी शिकायतों पर कोई कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया था, लेकिन दोनों मामले संज्ञेय अपराध करने से संबंधित थे और सीआरपीसी और पुलिस नियमों के अनुसार पुलिस अधिकारी को दोनों मामलों में जांच करने का अधिकार था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। एसपी ने जांच रिपोर्ट मिलने और विभागीय जांच के आदेशों की पुष्टि की है।
छह दिसंबर तक हिरासत में समाहल के 15 आरोपी
सरकाघाट – अस्सी वर्षीय वृद्धा से क्रूरता के मामले में देश भर में चर्चा में आए सरकाघाट के समाहल गांव के 15 आरोपियों को कोर्ट ने छह दिसंबर तक की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गांव के सेवानिवृत्त अध्यापक जयगोपाल के मामले में 15 आरोपियों को सात दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वृद्धा से क्रूरता के मामले में भी यह लोग आरोपी हैं। वृद्धा से क्रूरता के मामले में शेष नौ अन्य आरोपी पहले से ही न्यायिक हिरासत में चले हुए हैं। 15 आरोपियों को पुलिस ने तीन दिन पहले पुलिस रिमांड पर लिया था। इस दौरान पुलिस ने इन आरोपियों से जयगोपाल मामले में पूछताछ की। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने खबर की पुष्टि की है।
The post एसएचओ ले लेते एक्शन, तो यह होता ही नहीं appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
No comments:
Post a Comment