शिमला – प्रदेश में साइबर क्राइम के बढ़ते मामले देख साइबर क्राइम पुलिस ने सभी बैंकों को अलर्ट कर दिया है। प्रदेश में इन दिनों सतर्कता जागरूकता सप्ताह अभियान चला हुआ है, जो 11 नवंबर तक चलेगा। इसी क्रम में मंगलवार को शिमला के अधिकांश बैंकों में पुलिस अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को जागरूक किया। इस दौरान उपभोक्ताओं के साथ-साथ बैंक प्रबंधनों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए। सतर्कता जागरूकता अभियान के दौरान साइबर पुलिस के अफसर भी मौजूद रहे। साइबर पुलिस ने बैंक प्रबंधनों को निर्देश दिए हैं कि यदि कोई उपभोक्ता खाते से संबंधित जानकारी लेने एवं मोबाइल नंबर बदलने सहित मेल आईडी बदलने के लिए आग्रह करता है, तो उस व्यक्ति का पूरा ब्यौरा लेने को कहा है, ताकि कोई अनजान व्यक्ति किसी खाताधारकों के साथ खिलवाड़ न कर सके। बैंकों में यह अभियान आगामी 11 नवंबर तक चलेगा। प्रदेश साइबर पुलिस ने बैंक प्रबंधनों को अवगत करवाया कि अकसर नौकरी के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले ऐसे लोग हैं, जो बैंक उपभोक्ताओं से एटीएम कार्ड नंबर रिन्यू करने की बात करते हैं। ऐसे में उपभोक्ता उनके जाल में फंस जाते हैं। इसके साथ-साथ जो मोबाइल नंबर बैंक खाते से जुड़ा होता है, उसी नंबर पर फर्जी फोन करते हैं। साइबर क्राइम पुलिस ने बैंक प्रबंधनों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मोबाइल नंबर और मेल आईडी बदलने के आग्रह पर उनसे आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड सहित अन्य पहचान पत्रों की जांच भी करें। बता दें कि साइबर क्राइम को अंजाम देने वाले बाहरी राज्यों के लोग हैं। हाल ही में साइबर पुलिस ने 245 मोबाइल नंबरों की सूची विभिन्न राज्यों की सीआईडी को कार्रवाई के लिए भेज दिए हैं।
किसी को न बताएं पिन
बड़ी ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स पर खरीददारी करने वाले लोगों को ठग अपना निशाना बना रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन के बाद हिमाचल साइबर क्राइम विंग ने इस संबंध में लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। साइबर क्राइम विंग के अनुसार शॉपिंग करते समय इस बात का ध्यान रखें कि साइट पर या तो कैश ऑन डिलीवरी का ऑप्शन आएगा या फिर ऑनलाइन ही पैसा जमा करना होगा। अगर कोई व्यक्ति कॉल, एसएमएस या ई-मेल के जरिए संपर्क कर सामान मंगवाने की जानकारी देकर ग्राहक से बैंक अकाउंट, मोबाइल नंबर जैसी जानकारी मांगे तो उससे सांझा न करें।
The post साइबर पुलिस ने अलर्ट किए बैंक appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
No comments:
Post a Comment