शांता भी होंगे साथ; महेंद्र सिंह को पच्छाद, परमार को धर्मशाला की जिम्मेदारी
शिमला – धर्मशाला और पच्छाद में होने वाले उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सारथी की भूमिका निभाएंगे। मात्र दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव में पूरी सरकार कूद पड़ी है। हालांकि चुनाव प्रचार के लिए केंद्रीय मंत्री भी आ सकते हैं, लेकिन प्रदेश के नेताओं की बड़ी जिम्मेदारी होगी। ऐसे में जयराम ठाकुर, प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती सहित सरकार के सभी मंत्री प्रचार में जान फूंकेंगे। इसके साथ-साथ भाजपा ने सरकार के दो मंत्रियों को चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी है। आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को पच्छाद और स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार को धर्मशाला का प्रभारी नियुक्त किया गया है। हालांकि पच्छाद में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव भारद्वाज और चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा को दो-दो जोन का जिम्मा पहले ही सौंप दिया है। ये नेता मंत्री महेंद्र सिंह को पल-पल की रिपोर्ट सौंपेंगे। इसी तरह से धर्मशाला में शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों को जोन के मुताबिक जिम्मा सौंपा गया है, जो स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार को रिपोर्ट सौंपेंगे। प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने बताया कि दोनों सीटें पूर्व में भी भाजपा ने जीती थीं और इस बार भी वही जीतेंगे।
अनुच्छेद 370 को बनाया मुद्दा
सत्ती ने कहा कि एक राष्ट्र, एक संविधान के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं केंद्र सरकार ने पूरा किया है। संसद के दोनों संदनों में पास करवाकर अनुच्छेद-370 और 35-ए को समाप्त किया 70 साल पहले देखा गया सपना साकार हुआ है। केंद्र में पूर्ण बहुमत की मोदी सरकार बनने के सौ दिनों के अंदर लिया गया यह निर्णय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों से लिखा जाएगा।
प्रचार को आ सकते हैं केंद्रीय मंत्री
उपचुनाव के लिए नामांकन भरने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है। यानी नामांकन भरने के बाद प्रदेश भाजपा केंद्रीय नेताओं को धर्मशाला और पच्छाद में स्टार प्रचारकों की सूची तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगी। उसके बाद यह तय होगा कि धर्मशाला और पच्छाद में प्रचार के लिए कौन-कौन केंद्रीय मंत्री आएंगे।
The post चुनावी रथ संभालेंगे जयराम, नड्डा, धूमल appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: https://www.divyahimachal.com/2019/09/%e0%a4%9a%e0%a5%81%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%b5%e0%a5%80-%e0%a4%b0%e0%a4%a5-%e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%ad%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87-%e0%a4%9c%e0%a4%af%e0%a4%b0%e0%a4%be/
No comments:
Post a Comment