नैनाटिक्कर – पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में उपचुनावों के ऐलान के बाद सरगर्मियां तेज होते ही जहां दोनों मुख्य राजनीतिक दलों में ग्रामीणों तथा युवाओं को लुभाने के लिए वादों की होड़ लगी है। वहीं क्षेत्र का युवा नेताओं के समक्ष कई सवाल खड़े कर रहा है। हम तो पूछेंगे की इस कड़ी में पच्छाद की 60 पंचायतों के युवा रोजगार के लिए नेताओं से सवाल पूछ रहे हैं। प्रदेश की पड़ोसी राज्यों के साथ लगती लगभग सभी सीमाओं पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित हैं, मगर पच्छाद की लगभग आधा दर्जन पंचायतें हरियाणा की सीमा के साथ होने के बावजूद औद्योगिक क्षेत्र को तरस रही हैं। सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी कहें या राजनेताओं की इच्छाशक्ति, यह 50 किलोमीटर का क्षेत्र उद्योग-धंधे लगाने के लिए मुफीद होने के बावजूद भी विरानी के आंसू रो रहा है। क्षेत्र के नौजवान अपने घर से दूरदराज परवाणू, कालाअंब, पांवटा साहिब, बद्दी, बरोटीवाला जैसी जगहों पर मीलों दूर जाकर रोजगार कमाने को मजबूर हो रहा है। सभी पार्टियों की सरकारें इस क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र बनाने की बात हर बार चुनाव से पहले करती हैं, मगर अभी तक धरातल पर कुछ नजर नहीं आता है, जबकि इस इलाके में एक निजी कत्था फैक्टरी सुचारू रूप से काम कर रही है तथा लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। इस इलाके में हरड़-बहेड़ा, आंवला, सौंठ तथा अन्य जड़ी-बूटियां प्रचुर मात्रा में होने के कारण यहां पर फार्मेसी उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। यह इलाका सफेदे तथा पपलर जैसी वनस्पति के अनुकूल है, जिस कारण यहां प्लाइवुड उद्योग भी स्थापित हो सकते हैं। नारायणगढ़, पंचकूला जैसे शहरों के नजदीक होने के कारण वहां के उद्योगपतियों को निवेश के लिए आकर्षित किया जा सकता है।
पर्यटन की संभावनाएं
पच्छाद की खूबसूरती को देखते हुए तथा मौसम के मिजाज से पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, मगर पूरे क्षेत्र में कहीं भी कोई स्तरीय रेस्टोरेंट या होटल नहीं है न ही सरकारी रेस्ट हाउस इस क्षेत्र में बनाए गए हैं। अगर इस क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाए तो चंडीगढ़, पंचकूला, पंजाब के पर्यटकों को आकर्षित करके युवाओं को प्रचुर मात्रा में रोजगार उपलब्ध करवाया जा सकता है।
नेताओं ने सब्जबाग दिखाए
पिछले कई चुनावों से जहां कांग्रेस पार्टी बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के लुभावने वादे करती आ रही है, वहीं पिछले दो विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशी ने भी बेरोजगार युवाओं को चुनावों के दौरान सब्जबाग दिखाए थे, परंतु धरातल पर सच्चाई कुछ ओर ही है। अतः कहा जा सकता है कि इस उपचुनाव में दोनों ही मुख्य पार्टियों के लिए जीत की राह आसान नहीं होगी।
The post पच्छाद की 60 पंचायतों के बेरोजगार पूछेंगे सवाल appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: https://www.divyahimachal.com/2019/09/%e0%a4%aa%e0%a4%9a%e0%a5%8d%e0%a4%9b%e0%a4%be%e0%a4%a6-%e0%a4%95%e0%a5%80-60-%e0%a4%aa%e0%a4%82%e0%a4%9a%e0%a4%be%e0%a4%af%e0%a4%a4%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%ac%e0%a5%87%e0%a4%b0/
No comments:
Post a Comment