केंद्रीय नेतृ़त्व से हर बार शाबाशी लेने वाले मुख्यमंत्री को जनता आज देगी सर्टिफिकेट
शिमला —डेढ़ साल की जयराम सरकार का पहला इम्तिहान रविवार को लोकतंत्र के महापर्व में होगा। भाजपा और कांग्रेस लोकसभा का यह चुनाव मोदी और राहुल के नाम पर लड़ रही हैं, लेकिन हिमाचल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की प्रतिष्ठा भी चुनाव के बहाने दांव पर है। मजबूत दावेदारों को पछाड़ कर केंद्रीय हाइकमान की पसंद से मुख्यमंत्री बने जयराम ठाकुर को अब तक वाह-वाही मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तक उन्हें केंद्रीय नेतृत्व की हर बार शाबाशी मिली है। इसके चलते मजबूत नेता बने जयराम ठाकुर की जमीनी पैठ का असल इम्तिहान इस लोकसभा चुनाव में होगा। वर्ष 2014 के चुनावों में मोदी मैजिक के चलते भाजपा ने पहली बार हिमाचल में क्लीन स्वीप कर चारों सीटें जीती थी। इस इतिहास को दोहराने के लिए भाजपा ने मोदी के साथ जयराम की इमेज को भी भुनाने का प्रयास किया है। जयराम ठाकुर की ताबड़तोड़ 106 चुनावी रैलियां स्पष्ट करती हैं कि मुख्यमंत्री ने खुद को साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। लिहाजा हिमाचल प्रदेश के 53 लाख मतदाता लोकसभा चुनावों के मतदान से डेढ़ साल की जयराम सरकार के कामकाज पर मुहर लगाएंगे। बताते चलें कि भाजपा वर्ष 2014 का इतिहास दोहराने में कामयाब रहती है तो इसका सीधा श्रेय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मिलेगा। प्रदेश की तीन सीटें जीतकर भी जयराम ठाकुर जनता की पाठशाला में मेरिट में पास हो सकते हैं। मुकाबला दो-दो पर बराबरी पर छूटने पर भी प्रदेश सरकार की परफोर्मेेंस इतनी बुरी नहीं आंकी जाएगी। जाहिर है कि पिछली बार क्लीन स्वीप दिलाने वाले प्रदेशों से भाजपा को नतीजे दोहराने की कम उम्मीद है। इस कारण हिमाचल में क्लीन स्वीप मिलने पर जयराम ठाकुर का सियासी कद और ऊंचा हो सकता है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के खिलाफ अपनों के भीतरघात की अफवाहों से सतर्क हुए जयराम ठाकुर ने हमीरपुर में भी ताबड़तोड़ 20 चुनावी रैलियां की हैं। इसके अलावा कांगड़ा, मंडी और शिमला संसदीय क्षेत्रों में तीनों प्रत्याशियों को अपने कंधों पर ढो कर सीएम ने जीत की दहलीज तक लाने का पूरा प्रयास किया है। इस कारण हिमाचल में लोकसभा के नतीजे जयराम ठाकुर के सियासी कद का अहसास करवाएंगे।
The post जयराम सरकार का पहला इम्तिहान appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/05/%e0%a4%9c%e0%a4%af%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%ae-%e0%a4%b8%e0%a4%b0%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%aa%e0%a4%b9%e0%a4%b2%e0%a4%be-%e0%a4%87%e0%a4%ae%e0%a5%8d%e0%a4%a4%e0%a4%bf/
No comments:
Post a Comment