Show your support

Sunday, May 19, 2019

आज ईवीएम में कैद होगा 45 प्रत्याशियों का भाग्य

बड़े राजनीतिक दलों के बीच रहता है मुकाबला, कभी कांग्रेस तो कभी भाजपा का लहराया परचम

शिमला —लोकसभा चुनाव के लिए इस बार कुल 45 प्रत्याशी चुनावी दंगल में हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज होने वाला है। रविवार को होने वाला मतदान तय करेगा कि इनमें से संसद में कौन जाएगा। किसकी पारी शुरू होगी और किसकी पारी खत्म होगी। हिमाचल प्रदेश में पूरे चुनाव अभियान के बाद यह तय है कि मुकाबला दो प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच ही होगा। हिमाचल में तीसरा ऐसा कोई दल नहीं है, जो कि लोकसभा के लिए मुकाबले में हो। यहां हिमाचल विकास कांग्रेस एकमात्र ऐसा क्षेत्रिय दल रहा है जिसने लोकसभा की एक सीट जीती थी और तब उसने कांग्रेस को बड़ा नुकसान पहुंचाया था। इस बार ऐसा कोई दूसरा दल मुकाबले में नहीं है, क्योंकि उनकी तरफ से हिमाचल को अधिमान नहीं दिया जाता। यह दल दूसरे राज्यों तक ही सीमित है। चुनाव चाहे लोकसभा का हो या फिर विधानसभा का, दूसरे दलों की हिमाचल में कोई पहचान नहीं है। हालांकि वामपंथी संगठन यहां पर चुनाव में जरूर सामने दिखता है परंतु लोकसभा के चुनाव में उसकी भी उतनी पैठ नहीं है। वैसे मंडी से वामपंथ मैदान में है।  हिमाचल में कांग्रेस व भाजपा दोनों ऐसे दल हैं जो एक-दूसरे को पटखनी देते रहे हैं। पुराना चुनावी रिकॉर्ड इसका गवाह है। कभी कांगे्रस ने यहां पर चारों सीटें जीतीं तो कभी भाजपा ने चारों सीटों पर कब्जा जमाया। कभी दो-दो तो कभी एक तीन भी यहां पर होता रहा है। इस बार भी लोकसभा चुनाव में इन दोनों राजनीतिक दलों ने खूब दम-खम दिखाया है। एक से बढ़कर एक स्टार प्रचारक इन दलों ने यहां पर लाए जिन्होंने अपने प्रत्याशियों के लिए पूरा जोर लगाया। इस चुनाव में सोशल मीडिया हावी रहा है जिसमें प्रचार के लिए सभी प्रत्याशियों ने एड़ी-चोटी का जोर लगाया है।

मतदाता पूरी तरह शांत

मतदाता पूरी तरह से शांत है और अभी तक यह नहीं कहा जा सकता कि कौन सा दल जीत की ओर बढ़ रहा है। मतदाताओं की इस चुप्पी से प्रत्याशी भी परेशान हैं जिनके भाग्य का फैसला करने के लिए मतदान का दिन आ गया है। अब किसका भाग्य चमकेगा, यह 23 मई का दिन बताएगा।

मंडी से सबसे ज्यादा प्रत्याशी

कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में कुल 11 उम्मीदवार हैं, वहीं मंडी संसदीय क्षेत्र से 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से 11 प्रत्याशी और शिमला (अनुसूचित जाति)संसदीय क्षेत्र से कुल छह लोग चुनाव लड़ रहे हैं।

The post आज ईवीएम में कैद होगा 45 प्रत्याशियों का भाग्य appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/05/%e0%a4%86%e0%a4%9c-%e0%a4%88%e0%a4%b5%e0%a5%80%e0%a4%8f%e0%a4%ae-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%88%e0%a4%a6-%e0%a4%b9%e0%a5%8b%e0%a4%97%e0%a4%be-45-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%a4/

No comments:

Post a Comment