चुनाव आयोग ने उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार समेत तीन आला अफसरों को चुनाव आचार संहिता का बताया दोषी
शिमला —मतदान से ठीक पहले केंद्रीय चुनाव आयोग ने डीसी कांगड़ा संदीप कुमार समेत तीन अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता के उल्लघंन पर वार्निंग जारी की है। चुनाव आयोग ने तीनों अधिकारियों को कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन के दौरान आचार संहिता तोड़ने का दोषी पाया है। इसके चलते डीसी के अलावा एसडीएम धर्मशाला एसके पराशर और डीएसपी बलबीर जसवाल को चेतावनी जारी करते हुए भविष्य में सतर्कता बरतने को कहा है। चुनाव आयोग ने राज्य निर्वाचन अधिकारी को ई-मेल के माध्यम से आदेश जारी किए हैं कि तीनों अधिकारियों को वार्निंग लेटर इश्यू किया जाए। बताते चलें कि 29 अप्रैल, 2019 को धर्मशाला में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल के नामांकन में कांग्रेसियों की भीड़ डीसी ऑफिस पहुंच गई थी। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कुमार के ऑफिस में कांग्रेसियों को चाय-कॉफी के अलावा स्नेक्स पहुंचाई गई थी। कांग्रेस नेताआें के लिए डीसी ऑफिस में समोसे, सेंडविच, पनीर पकौड़े तथा कोल्ड डिं्रक्स भी लाई गई थी। आरोप है कि डीसी ऑफिस में 20 से 25 कांग्रेसी पहुंच गए थे। नियमों के तहत नामांकन के दौरान प्रत्याशी सहित पांच समर्थक ही भीतर आ सकते हैं। चुनाव आयोग के नियमों में स्पष्ट कहा गया है कि नामांकन स्थल के 100 मीटर के भीतर पांच से ज्यादा लोगों के आने पर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लघंन माना जाता है। बता दें कि कांग्रेसियों की इस खातिरदारी में एसडीएम धर्मशाला को वीडियो फुटेज में देखा गया था। हालांकि इस मामले में अपनी खाल बचाने के लिए डीसी कांगड़ा संदीप कुमार ने डीएसपी बलबीर जसवाल को बलि का बकरा बनाकर नोटिस जारी कर दिया था। नोटिस पर पलटवार करते हुए डीएसपी बलबीर जसवाल ने अपने लिखित जवाब में कहा था कि प्रशासनिक अफसरों की सहमति से ही कांग्रेसियों की डीसी ऑफिस में भीड़ जमा हुई थी। इस आधार पर चुनाव आयोग ने तीनों अधिकारियों को दोषी मानते हुए चेतावनी जारी की है।
लाबरू की रिपोर्ट से राहत
चुनाव आयोग की यह कार्रवाई डिवीजनल कमिश्न विकास लाबरू की जांच रिपोर्ट पर हुई है। हालांकि लाबरु ने पुख्ता सबूतों के बावजूद मामले पर पर्दा डाल आयोग को गोलमोल रिपोर्ट भेजी। इसके चलते डीसी कांगड़ा सहित तीनों अधिकारी बड़ी कार्रवाई से बच गए हैं।
चुनाव के बाद तबादला
चुनाव आयोग से मिली चेतावनी के बाद डीसी कांगड़ा की छुट्टी तय है। कांग्रेसियों की खातिरदारी के विवाद में डीसी संदीप कुमार की कार्यप्रणाली राज्य सरकार को भी अखर गई है। इस कारण उपायुक्त का तबादला तय है।
The post मतदान से ठीक पहले डीसी कांगड़ा को चेतावनी appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/05/%e0%a4%ae%e0%a4%a4%e0%a4%a6%e0%a4%be%e0%a4%a8-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%a0%e0%a5%80%e0%a4%95-%e0%a4%aa%e0%a4%b9%e0%a4%b2%e0%a5%87-%e0%a4%a1%e0%a5%80%e0%a4%b8%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82/
No comments:
Post a Comment