Show your support

Sunday, May 19, 2019

ठियोग के 161 बूथों पर होगा मतदान

ठियोग—पिछले कई दिनों से विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए चल रहा प्रचार अभियान थम चुका है। शनिवार शाम तक डोर-टू-डोर प्रचार अभियान की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जबकि रविवार को सुबह सात बजे से ठियोग के विभिन्न 161 बूथों पर मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी जोकि शाम छह बजे तक चलेगी। इस दौरान चुनाव आयोग द्वारा चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसके लिए सभी चुनाव पार्टियों को शुक्रवार को ही रवाना किया जा चुका था। दो महिला चुनाव कर्मियों की पार्टियों को शनिवार को रवाना किया गया है। लोकसभा चुनाव को लेकर इस बार जहां वोटर भी शांत नजर आ रहा है। वहीं दूसरी ओर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा का चुनाव प्रचार भी कुछ खास गति नहीं पकड़ पाया। ठियोग में भाजपा ने प्रचार अभियान में अधिकतर क्षेत्रों को जरूर कवर किया है, लेकिन जहां तक सवाल कांग्रेस का है, तो चुनाव प्रचार इतना अधिक जोर पकड़ता हुआ नजर नहीं आया। लोकसभा चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए विभिन्न मुद्दों पर वोट मांगते तो जरूर दिखे, लेकिन इसमें स्थानीय मुद्दों को नजरअंदाज किया गया। ठियोग में पिछले काफी समय से विकास कार्य को जिस तरह से ग्रहण सा लग गया है उसे भुनाने में कांग्रेस पिछड़ती हुई नजर आई। हालांकि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में ठियोग के लिए कई योजनाओं के शिलान्यास करके कार्य भी शुरू किया गया था, लेकिन अब इन योजनाओं को पूरा करने के लिए जहां धन की कमी सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है। वहीं दूसरी ओर ठियोग विधानसभा क्षेत्र से विधायक दूसरे दल का होने से क्षेत्र के लिए इन डेढ़ वर्ष में कोई बड़ी योजना नहीं बन पाई। पहले से जो कार्य चल रहे थे, उसमें भी पूरी तरह से गति इन डेढ़ वर्ष में नहीं दिखी। पिछले लोकसभा चुनाव में ठियोग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की लीड थी। इस बार प्रदेश में सरकार भाजपा की है ऐसे में अब देखने वाली बात ये है कि ठियोग विधानसभा क्षेत्र से लीड किसकी रहती है। इस समय ठियोग विधानसभा क्षेत्र में कुल 60 पंचायतें हैं इनमें ठियोग की 36 जबकि कोटगढ़ कुमारसेन की 24 पंचायतें शामिल हैं। ठियोग विधानसभा क्षेत्र में कुल 80 हजार 949 वोटर हैं। कई नेताओं के लिए यह चुनाव राजनितिक प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर इसी विधानसभा क्षेत्र से हैं। इसलिए उनके उपर अपने ही विधानसभा क्षेत्र से पार्टी को बढ़त दिलाने की एक बड़ी जिम्मेदारी है। जबकि दूसरी ओर पिछले एक डेढ साल से ठियोग की राजनितिक गतिविधियों से दूरी बनाए हुए पूर्व विधायक राकेश वर्मा के लिए भी ठियोग से लीड दिलाना बड़ी चुनौती है। विधानसभा का चुनाव हारने के बाद अब आगे नए समीकरण उभरकर सामने आ रहे हैं। ऐसे में राकेश वर्मा को दोबारा से अपने विधानसभा क्षेत्र में सरकार के सहयोग से विकास कार्य को गति देने की बड़ी जिम्मेदारी है।

The post ठियोग के 161 बूथों पर होगा मतदान appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.



Courtsey: Divya Himachal
Read full story> http://www.divyahimachal.com

No comments:

Post a Comment