Show your support

Sunday, March 24, 2019

हैल्थ सर्विस तय करेंगी वोट

नेरवा —लोकसभा चुनावों में दोनों ही मुख्य दलों के नेताओं की राह आसान नहीं होगी। जनता के बीच आने पर इन नेताओं को लोगों के कई तीखे सवालों का सामना करना पडे़गा। उपमंडल चौपाल में सबसे बड़ा मुद्दा यहां की स्वास्थ्य सेवाएं रहेगा। पूरे उपमंडल में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। इस वजह से लोगों में जहां पूर्व कांग्रेस सरकार के प्रति रोष है। वहीं वर्तमान भाजपा सरकार के प्रति भी लोगों में गुस्सा साफ झलक रहा है। उपमंडल चौपाल के लोगों की सेहत जांचने वाले दो सिविल अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी तो जग जाहिर है ही यहां पर स्टाफ नर्सों के एक दो नहीं पूरे 17 पद खाली पड़े हुए हैं। चिकित्सकों व स्टाफ नर्सों के खाली पदों के चलते चिकित्सा खंड नेरवा के तहत आने वाले लगभग सभी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सुविधाओं का जनाजा निकल चुका है। नेरवा व चौपाल अस्पतालों में स्टाफ नर्सों के दस-दस पद सृजित किए गए हैं, परंतु ये पद मात्र कागजों में ही सृजित हैं, धरातल पर यदि नजर दौड़ाई जाए तो इस समय सिविल अस्पताल चौपाल में दस के दस पद रिक्त पड़े हुए हैं,जबकि सिविल अस्पताल नेरवा में दस में से मात्र तीन ही स्टाफ नर्सें तैनात हैं। इन तीन स्टाफ नर्सों की ड्यूटी भी बारी-बारी डेपुटेशन पर दस-दस दिन के लिए सिविल अस्पताल चौपाल में लगाईं जाती है। इस वजह से पहले से ही अव्यवस्थाओं से जूझ रहे नेरवा अस्पताल में स्थिति और भी दयनीय हो गई है। नेरवा अस्पताल की बात की जाए तो यहां पर प्रतिदिन 150 से अधिक ओपीडी रहती है। अस्पताल में छह में से मात्र चार चिकित्सक ही तैनात हैं। इनमें से भी एक चिकित्सक की ड्यूटी डेपुटेशन पर थरोच लगाईं गई है। चिकित्स्कों की कमी के चलते अस्पताल में तैनात नर्सों पर अतिरिक्त बोझ रहता है। अस्पताल में तैनात मात्र दो नर्सों में से एक नाइट ड्यूटी देती है, जबकि दूसरी दिन के समय 12 घंटे ड्यूटी बजाती है। काम का अतिरिक्त बोझ होने से इन तीन स्टाफ नर्सों को भी शारीरिक व मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। दुर्घटना व अन्य आपात स्थिति आने पर तो स्थिति बद से भी बदतर हो जाती है। अस्पताल में स्टाफ के साथ-साथ जगह की कमी के चलते ऐसे मौकों पर नेरवा अस्पताल में अव्यवस्थाओं के बीच अफरा तफरी का माहौल साफ नजर आता है। स्थानीय लोग विभिन्न सरकारों से नेरवा में स्टाफ की तैनाती व अन्य सुविधाएं मुहैय्या करवाने की मांग करते करते थक चुके हैं, परंतु आज तक कोई भी सार्थक परिणाम नहीं निकलने से लोगों में दोनों ही दलों के प्रति गुस्सा है। बहरहाल लोक सभा चुनावों में उपमंडल चौपाल में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर दोनों ही दलों के नेताओं को लोगों के तीखे सवालों का सामना करना पडे़गा।

The post हैल्थ सर्विस तय करेंगी वोट appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.



Courtsey: Divya Himachal
Read full story> http://www.divyahimachal.com

No comments:

Post a Comment