आप, बसपा, बहुजन मुक्ति मोर्चा, स्वाभिमान, समाजवादी सहित शिवसेना उतार चुकी है प्रत्याशी
शिमला –पहाड़ी प्रदेश हिमाचल बेशक भौगोलिक व राजनीतिक दृष्टि से छोटा सा राज्य है परंतु इस छोटे राज्य में वे क्षेत्रिय दल भी चुनाव में अपना भाग्य आजमाते हैं, जो बड़े राज्यों में अच्छी खासी राजनीतिक पैठ रखते हैं। यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल जैसे बड़े राज्यों की मार्फत देश की राजनीति के कर्णधार बनने वाले यह क्षेत्रीय दल वोट फीसद को बढ़ाने के नजरिए से हिमाचल में भी अपने प्रत्याशी मैदान में उतारते हैं। हालांकि इन दलों के लिए प्रदेश में फिलहाल कोई जगह नहीं है और दो ही प्रमुख दल यहां पर हैं, बावजूद इसके क्षेत्रीय दलों के प्रत्याशी यहां चुनाव में होते हैं। विधानसभा चुनाव में इन क्षेत्रीय दलों की इतनी घुसपैठ नजर नहीं आती मगर लोकसभा चुनाव में यह दल दिखाई देते हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां आधा दर्जन क्षेत्रीय दलों ने अपने प्रत्याशियों को खड़ा किया और वोट झटकने में उनका भी योगदान रहा। यहां पर पिछली दफा आम आदमी पार्टी बहुजन मुक्ति मोर्चा, बहुजन समाज पार्टी, स्वाभिमान पार्टी, समाजवादी पार्टी व शिवसेना के भी प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहे। यहां पर कांग्रेस पार्टी, भारतीय जनता पार्टी व कम्युनिस्ट पार्टी पहले से राजनीति में है और इनमें से भी कांगे्रस व भाजपा ही यहां के प्रमुख दल हैं। हिमाचल में भी हिविकां व लोजपा जैसे छोटे क्षेत्रीय दल बने थे, लेकिन लोकसभा चुनाव में इनका ज्यादा दखल नहीं रहा।
प्रदेश में क्षेत्रीय दलों का वोट प्रतिशत
हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने पिछले चुनाव में चारों लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों को खड़ा किया, इनको कुल 63351 मत हासिल हुए। इनका वोट फीसद कुल 2.06 फीसदी का रहा है। बहुजन मुक्ति मोर्चा ने कांगड़ा व मंडी में प्रत्याशी दिए, जिनको 0.1 फीसदी वोट मिले, जो कि 1538 थे। इसी तरह से बहुजन समाज पार्टी ने चारों सीटों पर प्रत्याशी उतारे, जिन्हें 22928 मत मिले जो कि 0.75 फीसदी था। इस दल ने वर्ष 2009 में भी 1.59 फीसदी मत हासिल किए थे, जो कि वर्ष 2014 में घट गए। हिमाचल स्वाभिमान पार्टी को यहां पर 0.13 फीसदी वोट मिले, जिन्होंने केवल एक कांगड़ा सीट पर चुनाव लड़ा। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से चारों सीटों पर उम्मीदवार थे, जिनको 8444 मत हासिल हुए, जो कि 0.28 फीसदी था। शिवसेना ने भी यहां पर दो सीटों कांगड़ा व हमीरपुर में उम्मीदवार उतारे, जिनको 4709 मत मिले, जो कि 0.29 प्रतिशत थे। इससे पहले चुनाव में 0.24 फीसदी वोट इस दल को मिले। यह दल वर्तमान में भी यहां उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है परंतु प्रचार प्रसार में यहां ये पीछे हैं।
The post वोट प्रतिशत बढ़ाने को लड़ते हैं क्षेत्रीय दल appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/03/%e0%a4%b5%e0%a5%8b%e0%a4%9f-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%a4%e0%a4%bf%e0%a4%b6%e0%a4%a4-%e0%a4%ac%e0%a4%a2%e0%a4%bc%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%b2%e0%a4%a1%e0%a4%bc/
No comments:
Post a Comment