Show your support

Monday, March 25, 2019

कांग्रेस को जातीय संतुलन का चैलेंज

कांगड़ा-चंबा में गद्दी फैक्टर, मंडी में ब्राह्मण वोटरों की रिझाने की चुनौती

शिमला –भाजपा के चुनावी चेहरे सामने आने के बाद कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। भाजपा ने जिस तरह से जातीय व क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखकर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है,उससे कांग्रेस के सामने संकट खड़ा हो गया है। ऐसा नहीं है कि कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं हैं, लेकिन भाजपा के चेहरे देखने के बाद उसे अपना गेम प्लान बदलने को मजबूर होना पड़ेगा। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रत्याशियों पर चर्चा की जाएगी, जिसमें क्षेत्रीय व जातीय संतुलन पर ही चर्चा होगी और उसे देखते हुए ही कांग्रेस भी अपने प्रत्याशी देगी। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस के सामने  चंबा व गद्दी प्रत्याशी का तोड़ लाने की चुनौती है। इस बड़े संसदीय क्षेत्र में इन दोनों ही बातों को कांग्रेस नकार नहीं सकती है , वहीं ब्राह्मण मतदाताओं पर भी उसकी नजर रहेगी।  वहीं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में अनुराग ठाकुर फिर से सामने है। पहले कई बार राम लाल ठाकुर को मैदान में उतारकर कांग्रेस राजपूत कॉर्ड खेलती रही, लेकिन बात नहीं बनी जिसके बाद हमीरपुर से ही राजेंद्र राणा पर दांव खेला जो भी पूरा नहीं पड़ा। ऐसे में अब कांग्रेस को यहां पर अपना दांव बदलना होगा। इसी तरह से मंडी में ब्राह्मण कार्ड खेलना भी जरूरी है। यहां पर ब्राह्मण व राजपूत मतदाता अधिक हैं, वहीं सबसे बड़ी चुनौती  खुद सरकार से है। यहां के 10 विधानसभा क्षेत्रों में से 9 में सीधे भाजपा के विधायक हैं,  खुद मुख्यमंत्री मंडी जिला से हैं, लिहाजा कांग्रेस के लिए यहां पर भी बड़ी चुनौती है। उधर शिमला संसदीय क्षेत्र की बात करें तो भाजपा ने सिरमौर को तरजीह दी है। सिरमौर में तीन विधानसभा क्षेत्र भाजपा के पास हैं, जिस पर लंबे समय से पार्टी फोकस कर रही है। यहां पर भी कांग्रेस को क्षेत्रीय संतुलन बनाने की जरूरत है क्योंकि पूरे संसदीय क्षेत्र में विधानसभा सीटों के लिहाज से दोनों दल फिफ्टी-फिफ्टी हैं।   वैसे कांग्रेस अभी तक सोलन जिला से धनी राम शांडिल पर दांव आजमाने की सोच रही है जिसके पास सिरमौर से भी दावेदार मौजूद हैं वहीं शिमला से भी। ऐसे में स्क्रीनिंग कमेटी में किस गेम प्लान पर चर्चा की जाएगी यह देखना होगा।

 

The post कांग्रेस को जातीय संतुलन का चैलेंज appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/03/%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%b8-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%9c%e0%a4%be%e0%a4%a4%e0%a5%80%e0%a4%af-%e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%a4%e0%a5%81%e0%a4%b2%e0%a4%a8/

No comments:

Post a Comment