Show your support

Monday, March 25, 2019

सीएम जयराम ठाकुर की प्रतिष्ठा दांव पर

शिमला –लोकसभा चुनाव में प्रदेश की चारों सीटें पार्टी की झोली में डालना मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। हालांकि पार्टी हाईकमान ने जयराम के पसंदीदा उम्मीदवारों पर ही मुहर लगा दी है, लेकिन सभी सीटों पर जीत दर्ज करवाना उनके लिए बड़ी परीक्षा होगी। मंडी यानी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले से संबंध रखने वाले रामस्वरूप को दूसरी बार टिकट मिलने के पीछे जयराम की अहम भूमिका रही हे। वहीं शिमला संसदीय सीट पर सुरेंद्र कश्यप को मैदान में उतारना भी मुख्यमंत्री की पहली पसंद रही। कांगड़ा सीट से शांता कुमार का टिकट कटने के बाद किशन कपूर पर शांता का हाथ रहा, जिस पर मुख्यमंत्री ने भी पूरी सहमति जता दी। हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर एक मात्र ऐसा चेहरा था, जिसके खिलाफ किसी अन्य नेता ने टिकट की मांग नहीं की। यहां पर भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का रुख अनुराग  ठाकुर के साथ रहा। ऐसे में अब प्रदेश में जयराम की सरकार होने के नाते चारों सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करना मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार के लिए साख का सवाल बन चुका है। मुख्यमंत्री के लिए चारों सीटें तो प्रेम कुमार धूमल के लिए हमीरपुर सीट से अपने बेटे अनुराग ठाकुर की चौथी जीत दिलाना एक चुनौती भी है। प्रदेश के इन दोनों नेताओं के साथ-साथ जयराम कैबिनेट के 10 धुरंधरों को अपना दम दिखाना पड़ेगा, जिस तरह से 2017 के विधानसभा चुनाव जीत कर मंत्री की कुर्सी मिली, उसी तरह लोकसभा के चुनाव में भी सभी मंत्रियों को पार्टी प्रत्याशियों के लिए पसीना भी बहाना पड़ेगा। खास कर मंडी संसदीय सीट पर पार्टी प्रत्याशी को जीत दिलाना मुख्यमंत्री के साथ-साथ उनके तीन मंत्रियों के लिए साख का सवाल भी बना हुआ है। इस संसदीय क्षेत्र से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं संबंध रखते हैं। साथ ही ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा, कृषि मंत्री डा. रामलाल मार्कडेय और खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की भी परीक्षा शुरू हो गई है। हालांकि मंडी जिले से बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी संबंध रखते हैं, लेकिन उनका विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के दायरे में हैं। इसके मद्देनजर उन्हें अब पूरा फोकस हमीरपुर सीट पर करना होगा।

कांगड़ा में चार मंत्रियों के साथ शांता की भी कड़ी परीक्षा

कांगड़ा ससंदीय सीट की बात करें तो यहां चार मंत्रियों की परीक्षा इस बार का लोकसभा चुनाव लेने जा रहा है। यहां स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह को पसीना बहाना पड़ेगा। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री खुद इसी सीट से पार्टी प्रत्याशी हैं।   इसी तरह से शिमला संसदीय क्षेत्र में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल, विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल और चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा को भी इस बार के चुनाव में पार्टी को लीड दिलाना होगा।  टिकट कटने पर भी वीरेंद्र को संभालना होगा ।  टिकट काटने के बाद भी भाजपा सांसद वीरेंद्र कश्यप भी मोर्चा संभालेंगे।

 

The post सीएम जयराम ठाकुर की प्रतिष्ठा दांव पर appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/03/%e0%a4%b8%e0%a5%80%e0%a4%8f%e0%a4%ae-%e0%a4%9c%e0%a4%af%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%ae-%e0%a4%a0%e0%a4%be%e0%a4%95%e0%a5%81%e0%a4%b0-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%a4%e0%a4%bf/

No comments:

Post a Comment