शिमला — दो मई को कसौली गोलीकांड की दिल दहला देने वाली घटना की विभागीय जांच छह माह बाद पूरी हुई है। इस आधार पर दिवाली से ठीक पहले राज्य सरकार ने टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के आठ अधिकारियों को चार्जशीट कर दिया है। इनमें स्टेट टाउन प्लानर सहित तीन अधिकारी रिटायर्ड हो चुके हैं। इनमें स्टेट प्लानर के अलावा तीन टाउन प्लानर तथा चार असिस्टेंट टाउन प्लानर रैंक के अधिकारी शामिल हैं। कसौली गोलीकांड के बाद राज्य सरकार ने अवैध निर्माण के लिए दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश पारित किए थे। सर्व शिक्षा अभियान के निदेशक आशीष कोहली को जांच का जिम्मा सौंपा गया था। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट के प्रधान सचिव प्रमोद सक्सेना ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि कोहली की जांच रिपोर्ट के आधार पर पूर्व स्टेट प्लानर सहित आठ अधिकारियों को चार्जशीट किया गया है। उल्लेखनीय है कि गोलीकांड मामले में राज्य सरकार ने मंडलायुक्त शिमला को मजिस्ट्रीयल जांच सौंपी थी। मंडलायुक्त की रिपोर्ट पर पुलिस तथा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग सहित कई विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। इसके अलावा सरकार ने गोलीकांड का मुख्य कारण बने कसौली के अवैध निर्माण पर विभागीय जांच बैठाई थी। लिहाजा छह माह बाद पूरी हुई जांच रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने नगर नियोजन विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध एक्शन लिया है। उल्लेखनीय है कि कसौली में अवैध निर्माण को गिराने पहुंचे टीसीपी की महिला अधिकारी शशिबाला को होटल मालिक ने मौके पर गोलियों से भून दिया था। हथियारा होटल मालिक पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया था। हालांकि बाद में आरोपी होटल मालिक विजय कुमार को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के वृंदावन में गिरफ्तार कर लिया था। इस गोलीकांड में घायल हुए लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी की भी मौत हुई थी। हिमाचल सरकार की छवि को दागदार करने वाले इस गोलीकांड पर सुप्रीम कोर्ट ने भी हिमाचल को फटकार लगाई थी। इसी कारण राज्य सरकार ने तुरंत प्रभाव से सोलन जिला के एसपी, डीएसपी तथा एसएचओ सहित पांच अधिकारियों को बदल दिया था। सरकार ने इन अधिकारियों को सस्पेंड भी कर दिया था। इसके बाद यह मुद्दा पुरजोर से उठने लगा था कि लंबे समय से कसौली में हो रहे अवैध निर्माण पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग लंबी निद्रा में क्यों सोया रहा? बरसों पहले हुए इस निर्माण को रोकने में विभाग नाकाम क्यों रहा। इसी कारण शशि बाला की गोलीकांड में हत्या के बाद सरकार ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए थे। बता दें कि एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट ने कसौली के 13 होटलों के अवैध निर्माण गिराने के आदेश दिए थे। इसके लिए दो मई 2018 की डेडलाइन दी गई थी। इस कारण 38 सदस्यीय चार टीमें अवैध निर्माण गिराने कसौली पहुंची थीं। कुछ होटलों पर कार्रवाई करने के बाद असिस्टेंट टाउन कंट्री प्लानिंग शशिबाला के नेतृत्व में प्रशासन की टीम मंढोधार में नारायणी गेस्ट हाउस पहुंची। इस दौरान होटल संचालक विजय ठाकुर ने हंगामा शुरू कर दिया और महिला अधिकारी के ऊपर तीन गोलियां चला दी।
कसौली गोलीकांड
* दो मई की घटना पर दिवाली से ठीक पहले सरकार की बड़ी कार्रवाई
* कोहली की जांच रिपोर्ट पर तीन रिटायर्ड अफसरों पर भी गाज
* विभागीय जांच में टाउन प्लानर-असिस्टेंट टाउन प्लानर भी लपेटे
* मजिस्ट्रीयल इनक्वायरी में पुलिस, कई महकमों के अधिकारियों पर हो चुका एक्शन
The post स्टेट टाउन प्लानर समेत आठ अफसर चार्जशीट appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/11/%e0%a4%b8%e0%a5%8d%e0%a4%9f%e0%a5%87%e0%a4%9f-%e0%a4%9f%e0%a4%be%e0%a4%89%e0%a4%a8-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a4%b0-%e0%a4%b8%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%a4-%e0%a4%86%e0%a4%a0/
No comments:
Post a Comment