Show your support

Sunday, November 4, 2018

खेल में भी हो रही राजनीति

शिमला—अब खेलों में भी राजनीति हो रही है, जिसका असर बच्चों के मनोबल पर पड़ रहा है। इसे किसी की लापरवाही कहें कि ब्लॉक व जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाई। 04जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाने से छात्रा काफी मायूस है। बताते चलें कि यह मामला प्राथमिक स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता का है, जिसमें गड़काहन प्राथमिक पाठशाला की छात्रा दृष्टि शर्मा ने एकल गायन में ब्लॉक व जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया और दोनों स्तर की स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया था। इसी प्रदर्शन के बाद छात्रा का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता चंबा में प्रस्तावित थी। छात्रा ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कई दिनों तक कड़ा अभ्यास किया। इसके पश्चात वह प्रतियोगिता का हिस्सा बनने के लिए चंबा पहुंची थी, मगर जब राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत एकल गायन प्रस्तुति का समय आया तो स्टेज पर से जिला शिमला से किसी अन्य छात्रा का नाम लिया गया। ऐसे में छात्रा को कड़ी मेहनत करने के बाद बड़ा झटका लगा है। इतना ही नहीं छात्रा के साथ गए शिक्षक ने इसका विरोध भी किया, लेकिन वह बेबस  दिखा। इसे अब जिला चयन कमेटी की लापरवाही कहंे या राजनीति कि पहला स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा की जगह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए दूसरा स्थान हासिल करने वाली छात्रा का नाम भेजा गया था। दृष्टि शर्मा के पिता अशोक शर्मा का कहना है कि उनकी बेटी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की थी। इस स्पर्धा की तैयारियों में वह इतनी व्यस्त रहती थी कि शाम को लेट घर पहुंचती थी और कड़ी मेहनत कर रही थी, मगर जब वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिना परफार्म कर घर लौटी तो उसकी आंखों से छलकते आंसूओं ने उसके साथ हुए भेदभाव की कहानी ब्यां कर दी। दृष्टि के पिता ने शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों से मांग उठाई है कि इस मामले की जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। डिप्टी डायरेक्टर एलिमेंट्री शिमला श्रवण कुमार ने कहा कि उनके ध्यान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। यदि ऐसा कोई मामला पाया जाता है तो उसकी जांच की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

The post खेल में भी हो रही राजनीति appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.



Courtsey: Divya Himachal
Read full story> http://www.divyahimachal.com

No comments:

Post a Comment