हाटू व देरठू पीक पर बिछी बर्फ की सफेद चादर

नारकंडा—शुक्रवार रात्रि के बाद अचानक मौसम का मिजाज बदलने से उंचाइ वाले क्षेत्रों में बर्फ की हल्की सफेद चादर बिछ गई है। स्नो सिटी नारकंडा के काटू पीक व देरठू पीक तथा मतियाना की कमलोडी पीक पर शनिवार को हल्की बर्फबारी दर्ज की गइ। बर्फबारी की सफेद चादर बिछने से पहाड़ो की चोटियों का दृश्य बड़ा ही मनोरम लग रहा है। शनिवार सुबह से ही तेज हवाओं के साथ बारिश लगातार पूरे दिनभर जारी रही,  जिससे शीत लहर ने नारकंडा, कुमारसैन, कोटगढ, मतियाना सहित समूचे क्षेत्र को अपनी आगोश में ले लिया। लगातार बारिश से पारा एकदम लुढक गया और लोगो को गर्म उनी कपडे पहनकर ही घरो से बाहर निकलना पडा। बारिश और ठंड से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हुई। वहीं हाटू पीक पर बर्फ गिरने से नारकंडा व आस पास के होटल व्यवसायी काफी खुश है। बर्फबारी से उनको इस वर्ष अच्छे व्यवसाय की उम्मीद जगी है। ज्ञात रहे कि सर्दियों के सीजन में स्नो सिटी नारकंडा में भारतवर्ष के अलावा विदेशों से भी सैलानी बर्फबारी का आनंद उठाने के लिये यहां पंहुचते है। इस कारण से सर्दियों में नारकंडा में भारी रश रहता है और होटल एडवांस में बुक रहते है। पर्यटन निगम के होटल हाटू में बर्फ की संभावना के चलते सैलानियों का रश बढ़ना शुरू हो गया है। होटल हाटू के मैनेजर विपिन जिष्टू ने बताया कि होटल में सैलानियों की संख्या बढ़ने लग गई है। सर्दियों में होटल एडवांस में ही बुक रहता है। पर्यटन निगम के सौजन्य से सर्दियों में सैलानियों के लिये नारकंडा की धोमड़ी स्लोप में स्कीइंग की व्यवस्था भी की जाती है और स्कीईंग के कोर्स व प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती है।

The post हाटू व देरठू पीक पर बिछी बर्फ की सफेद चादर appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.



Courtsey: Divya Himachal
Read full story> http://www.divyahimachal.com

Post a Comment