Show your support

Friday, November 2, 2018

चार आईपीएस की चुनाव ड्यूटी आफत

कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर ने ट्रेनिंग पर चल रहे हिमाचल के चार अफसरों को इलेक्शन के काम में झोंका

शिमला – हिमाचल काडर के चार आईपीएस अधिकारियों की विस चुनाव ड्यूटी राज्य सरकार और केंद्रीय चुनाव आयोग के लिए आफत बन गई है। कम्प्यूटर महाशय ने ट्रेनिंग पर चल रहे हिमाचल के चार पुलिस अफसरों की विधानसभा चुनावों में ड्यूटी लगा दी है। इस कारण वरिष्ठ पुलिस अधिकारी न ट्रेनिंग छोड़ कर आ सकते हैं और न ही चुनाव आयोग को मना कर सकते हैं। इसके चलते यह मामला चुनाव आयोग और राज्य सरकार दोनों के लिए मुसीबत बन गया है। पांच राज्यों में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग ने हिमाचल सरकार से 15 आईपीएस अधिकारियों की सूची  मांगी गई थी। इस आधार पर गृह विभाग ने राज्य पुलिस को 15 आईपीएस अफसरों की लिस्ट चुनाव आयोग को भेजने के लिए कहा है। सूचना के अनुसार इसके तहत राज्य पुलिस ने चार उन आईपीएस अफसरों के भी नाम डाल दिए, जो प्रशिक्षण तथा महत्त्वपूर्ण स्थानों पर सेवारत थे। अलबत्ता राज्य पुलिस से भेजी गई सूची के आधार पर केंद्रीय चुनाव आयोग ने आठ अधिकारियों को विधानसभा चुनावों के लिए तैनाती आदेश जारी कर दिए। रोचक है कि इनमें चार पुलिस अफसरों के वे नाम शामिल हो गए, जो डयूटी देने में असमर्थ थे। इसके तहत आईजी विजिलेंस जेपी सिंह मिड कैरियर ट्रेनिंग पर हैं। उनका इस महत्त्वपूर्ण ट्रेनिंग को बीच में छोड़कर आना संभव नहीं। आईजी ज्ञानेश्वर सिंह दिल्ली में प्रशिक्षण पर हैं। अध्ययन के बीच लौटकर आना उनके लिए भी आसान नहीं है। इसी तरह आईजी सीआईडी क्राइम डीके यादव भी प्रशिक्षण पर हैं। इन तीनों ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की कम्प्यूटर महाशय ने चुनाव ड्यूटी लगा दी है। इसके अलावा राज्यपाल एडीसी आईपीएस अधिकारी मोहित चावला की भी इलेक्शन ड्यूटी लगाई है। राज्यपाल डयूटी को छोड़कर बाहर जाना मोहित चावला के लिए भी संभव नहीं है। आईएएस अधिकारियों की सूची कार्मिक विभाग तथा आईपीएस अफसरों की लिस्ट होम डिपार्टमेंट जारी करता है।

15 अफसरों की मांगी थी सूची

केंद्रीय चुनाव आयोग ने हिमाचल सरकार से कुल 15 पुलिस अफसरों की सूची मांगी थी। इसके चलते राज्य पुलिस ने 15 की सूची में ऐसे आईपीएस अफसरों के नाम भी डाल दिए, जो महत्त्वपूर्ण स्थानों में ड्यूटी पर तैनात थे। इसके अलावा ट्रेनिंग पर चल रहे अफसरों के नाम भी 15 आईपीएस अफसरों की सूची में शामिल कर दिए। इस कारण केंद्रीय चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर ने 15 की सूची में आठ आईपीएस अफसरों के नामों पर मुहर लगाकर उन्हें विस चुनावों की ड्यूटी पर लगा दिया।

 

The post चार आईपीएस की चुनाव ड्यूटी आफत appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/11/%e0%a4%9a%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%86%e0%a4%88%e0%a4%aa%e0%a5%80%e0%a4%8f%e0%a4%b8-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%9a%e0%a5%81%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%b5-%e0%a4%a1%e0%a5%8d%e0%a4%af%e0%a5%82%e0%a4%9f/

No comments:

Post a Comment