हमीरपुर – अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रशिक्षक भूपिंदर सिंह ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में छिपी खेल प्रतिभा को तलाशने और तराशने का फैसला किया है। वह अगले वर्ष अप्रैल में अपने गांव खौदा उपतहसील टिहरा जिला मंडी में राज्य का पहला खेल स्कूल शुरू करने जा रहे हैं। यहां आठ से चौदह साल के बच्चों को पूरे राज्य में खेल प्रतिभा खोज चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयनित कर उन्हें भविष्य का स्टार चैंपियन बनाने का वैज्ञानिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। शुक्रवार को हमीरपुर में भूपिंदर सिंह ने बताया कि इंडिया में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन देखा गया है कि भारतीय खिलाड़ी प्रतियोगिता के अंतिम दौर में स्पीड जैसी महत्त्वपूर्ण मोटर क्वालिटी जो आठ से बारह वर्ष में ही विकसित हो पाती है, उसके अभाव में पिछड़ जाते हैं। स्पोर्ट्स स्कूल इन सब पर काम करेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में खेल स्कूल चला कर हिमाचली प्रतिभाओं को तराश कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट करवा कर अपनी जन्मभूमि की सेवा करना चाहता हूं। बताते चलें कि भूपिंदर सिंह 2020 टोक्यो ओलंपिक तक ओलंपियन ओपी कहराना गोला प्रक्षेपक के व्यक्तिगत प्रशिक्षक हैं। भूपिंदर सिंह बहुत ही अनुभवी व जनूनी एथलेटिक्स प्रशिक्षक हैं। 1988 से लेकर अक्तूबर, 2015 तक वह हमीरपुर के सरकारी महाविद्यालय के मानद एथलेटिक्स प्रशिक्षक रहे हैं। इन 27 वर्षों में इस महाविद्यालय के धावकों ने 1989 में पहली बार विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स ट्राफी हमीरपुर महाविद्यालय के लिए जीतने के बाद अब तक 21 बार विजेता व उपविजेता ट्राफियों पर कब्जा किया। भूपेंद्र सिंह ने सैकड़ों पदक विजेता तैयार किए। बतौर कोच भूपिंदर सिंह ने 26 बार सर्वश्रेष्ठ एथलीट हमीरपुर महाविद्यालय को दिए और 49 बार पुराने कीर्तिमानों में सुधार किया। वहीं भूपिंदर सिंह ने 15 वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय खेल विज्ञान व शारीरक शिक्षा के जर्नल का सफलतापूर्वक संपादन किया है। वे देश-प्रदेश के प्रतिष्ठित समाचार पत्रों के लिए खेल के बारे में लिखते हैं।
परशुराम अवार्डी तैयार किए
कोच भूपिंदर से कोचिंग लेने वाले 1000 से भी अधिक धावक खेल का सहारा लेकर आज पढ़ाई और नौकरी में सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। 1994-95 में अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालय एथलेटिक्स में पदक जीतने वाली हमीरपुर की पुष्पा ठाकुर पहली धाविका बनीं। हमीरपुर कालेज के धावकों ने इनके सानिध्य में प्रदेश विश्वविद्यालय के लिए एक दर्जन से अधिक पदक अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यलय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में जीते। इस स्तर पर मंजु कुमारी सर्वश्रेष्ठ एथलीट बनी तथा संजो देवी ने नया कीर्तिमान बनाकर वर्ल्ड यूनिवर्सिटी के लिए क्वालिफाई किया। पुष्पा ठाकुर व संजो देवी को परशुराम अवार्ड मिला है।
The post मंडी के खौदा में खुलेगा स्पोर्ट्स स्कूल appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/11/%e0%a4%ae%e0%a4%82%e0%a4%a1%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%96%e0%a5%8c%e0%a4%a6%e0%a4%be-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%96%e0%a5%81%e0%a4%b2%e0%a5%87%e0%a4%97%e0%a4%be-%e0%a4%b8%e0%a5%8d/
No comments:
Post a Comment