Show your support

Friday, November 2, 2018

बागबानी परियोजना में भर्ती को हरी झंडी

प्रोजेक्ट बचाने के लिए 23 नवंबर से शुरू होगा विभिन्न पदों पर नियुक्तियों का दौर

शिमला – खतरे के बादलों से घिरी बागबानी परियोजना को बचाने के लिए राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को हरी झंडी दिखाई है। दो सप्ताह के भीतर परियोजना की समीक्षा के लिए हिमाचल आ रही वर्ल्ड बैंक की टीम आहट सुनते ही परियोजना प्रबंधन ने 23 नवंबर से भर्ती आरंभ करने का ऐलान किया है। इसके तहत परियोजना में जूनियर इंजिनियर (सिविल और इरिगेशन), ड्राफ्टसमेन (कैड ओपेरटर) और सर्वेयर के करीब 55 पद भरे जाने हैं। इन नियुक्तियों के लिए आवेदित प्रत्याशियों की लिखित परीक्षा 23 नवंबर को रखी गई है। लिखित परीक्षा शिमला के राजकीय कन्या महाविद्यालय केंद्र में आयोजित की जानी है। इन सभी नियुक्तियों को परियोजना ने चार जून, 2018 को विज्ञापित किया गया था। विज्ञप्ति के आधार पर आवेदन करने वाले योग्य अभ्यार्थियों को छंटनी के बाद 23 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा की आवश्यक सूचना दे दी गई है। योग्य अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड को परियोजना की वेबसाइट से भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन जिलों में परियोजना से जुड़ी गतिविधियों में तेजी लाने का मकसद से 37 पद फैसिलिटेटर  के भरे जाने हैं। इन पदों को भी चार जून, 2018 को ही एक साथ विज्ञापित किया गया था। जल्द ही विज्ञप्ति में शेष बचे इन 37 फैसिलिटेटर पदों की प्रक्रिया को भी पूर्ण करने की लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। सात साल की बागबानी मिशन परियोजना में करीब डेढ़ लाख उत्पादकों को फायदा पहुंचाने का प्रावधान रखा गया है। इनमें 33 प्रतिशत महिलाएं शामिल होंगी। परियोजना को प्रदेश के सभी 12 जिलों में मॉडल क्लस्टर और हाइड्रो लॉजिकल बाउंड्रीज के आधार पर तय किया जाना है। बागबानी विकास परियोजना की विकसित तकनीक राज्य के बागबानों के सम्मुख खड़ी कई चुनौतियों को दूर करेगी। विशेष तौर पर सेब बागबानों के सामने आज के दौर में वैश्विक बाजार से प्रतिस्पर्धा की चुनौती है। हिमाचल में बागबानों के समक्ष दूसरी चुनौती अधिकांश बागीचे के उम्रदराज होने और उनके शीर्ष उत्पादन क्षमता को खो देने की है। इस परियोजना के अंतर्गत अपनाए जाने वाली हाईटेक बागबानी राज्य में गिरते और अनिश्चित फसलोत्पादन से जुड़ी अधिकांश चुनौतियों का सही जवाब साबित हो सकती हैं। अपने इसी मकसद को पूरा करने के लिए हिमाचल प्रदेश बागबानी विकास परियोजना इस साल सघन बागबानी से जुड़े करीब एक लाख 20 हजार आयातित पौधों को वितरित करेगी।

इसलिए जरूरी है भर्ती

हाईटेक बागबानी का मूल आधार सघन फल पौध और सुनिश्चित सिंचाई व्यवस्था है। परियोजना के अंतर्गत प्रदेश के बागबानों को सुनिश्चित सिंचाई का आधारभूत ढांचा प्रदान किए जाने का प्रावधान है। परियोजना की सफलता और इसके क्रियान्वयन में तेजी लाने के मकसद से आवश्यक पदों की नियुक्तियों के काम में तेजी लाई जा रही है।

The post बागबानी परियोजना में भर्ती को हरी झंडी appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/11/%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%97%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a5%8b%e0%a4%9c%e0%a4%a8%e0%a4%be-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%ad%e0%a4%b0%e0%a5%8d/

No comments:

Post a Comment