Show your support

Wednesday, October 31, 2018

हिमाचली आलू के निर्यात में अभी लगेंगे छह महीने

बिलासपुर —हिमाचल के पांच जिलों के बाहरी राज्यों में निर्यात के लिए प्रतिबंधित किए गए आलू की बहाली के लिए अभी छह माह से ज्यादा वक्त लग जाएगा। क्योंकि इन जिलों में पैदा होने वाले आलू निमेटोड नामक वायरस की चपेट में आ गया है और इस बीमारी की रोकथाम के लिए बाकायदा उपचार किया जाएगा। इसके लिए कृषि निदेशक को विशेष निर्देश दिए गए हैं। फिर छह माह बाद आलू की सैंपलिंग होगी और सामने आए रिजल्ट के आधार पर ही इन जिलों के आलू की मार्केटिंग पर लगी रोक हटेगी।  यह खुलासा दिल्ली से लाहुल के लिए लौटते वक्त मंगलवार को बिलासपुर  में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कृषि मंत्री डा. रामलाल मारकंडे ने किया है। उन्होंने बताया कि केंद्र ने चार राज्यों हिमाचल, तमिलनाडू, जेएंडके और उत्तराखंड के आलू की मार्केटिंग पर रोक लगा दी। इसके पीछे आलू में निमेटोड वायरस होने का तर्क दिया गया। हिमाचल में लाहुल के अलावा पांच जिलों में सप्लाई पर रोक लगाई गई। हालांकि 26 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई यानी आलू में वायरस होने की कोई भी बात सामने नहीं आई, जिसकी पूरी रिपोर्ट केंद्रीय कृषि मंत्रालय को प्रेषित की गई। खुद दिल्ली जाकर कृषि मंत्रालय के सचिव सहित अन्य आला अफसरों के साथ बैठक की और पूरे मामले से अवगत करवाया। प्रभावी पक्ष रखे जाने के चलते उस ओर से लाहुल के आलू की मार्केटिंग पर लगी रोक हटाने के लिए सैंद्धांतिक मंजूरी दे दी गई, जबकि पांच जिलों कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, चंबा और ऊना के आलू सप्लाई पर लगी रोक हटाने के लिए कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।  उन्होंने बताया कि इन जिलों के आलू में पाए गए वायरस का प्रॉपर उपचार किया जाएगा जिसके लिए विभाग के निदेशक को निर्देश दे दिए गए हैं।  उन्होंने बताया कि हालांकि आलू के खाने से कोई बीमारी नहीं फैलती बल्कि उत्पादन पर असर पड़ता है। डा. रामलाल मारकंडा के अनुसार लाहुल में उदयपुर सहित अन्य उत्पादक क्षेत्रों में  बर्फबारी की वजह से बड़े स्तर पर बर्बाद हुई सेब की फसल की भरपाई अब राज्य सरकार करेगी। इसके लिए सेब उत्पादकों से गिरा हुआ सेब एचपीएमसी द्वारा 20 रुपए प्रतिकिलो की दर सेखरीदा जाएगा। हालांकि अमूमन एचपीएमसी पौने सात रुपए के हिसाब से खरीददारी करती है। सेब खरीददारी के लिए एचपीएमसी ने लाहुल में छह क्लेक्शन सेंटर खोले हैं। इसके अलावा बर्फबारी के कारण घास व कृषि को हुए नुक्सान के चलते लाहुल के किसानों को सौ फीसदी ट्रांसपोर्ट सब्सिडी प्रदान की जाएगी।

The post हिमाचली आलू के निर्यात में अभी लगेंगे छह महीने appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%b9%e0%a4%bf%e0%a4%ae%e0%a4%be%e0%a4%9a%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%86%e0%a4%b2%e0%a5%82-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%a8%e0%a4%bf%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%a4-%e0%a4%ae%e0%a5%87/

No comments:

Post a Comment