Show your support

Wednesday, October 31, 2018

कांग्रेस की वित्तीय हालत बहुत पतली

चंदा जुटाने को हाइकमान ने भेजी रसीद बुक्स, पार्टी नेता नहीं कर रहे मदद

शिमला -हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है। या यूं कहें कि पैसे के नाम पर पार्टी फटे हाल है तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। सत्ता में रहते हुए जहां कांग्रेस नेताओं ने संगठन चलाने में सुक्खू की वित्तीय मदद नहीं की, वहीं आज भी कोई पैसा देने को तैयार नहीं। आलम यह है कि कांगे्रस को हाइकमान ने कुछ रसीद बुकें भेजी हैं, जिसके जरिए पार्टी अपने कार्यकर्ताओं से चंदा जुटाएगी। इसमें जो पैसा एकत्र होगा, उसमें से आधा एआईसीसी को जाएगा और आधा प्रदेश कांग्रेस को मिलेगा। इसी चंदे से यहां पार्टी कार्यालय की लीज मनी चुकता की जाएगी, वहीं कर्मचारियों का वेतन भी दिया जा सकेगा। आर्थिक स्थिति के मोर्चे पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू खुद को असहाय महसूस करने लगे हैं। पार्टी के पास नगर निगम की लीज मनी देने को पैसा नहीं है, जो कि 1.25 लाख रुपए सालाना है। हाल ही में कई महीनों के बाद पार्टी ने नगर निगम को प्रॉपर्टी टैक्स दिया है, जो कि 2.65 लाख बनता है। यह राशि सुक्खू ने अपनी जेब से हाल ही में दी है। कांग्रेस कार्यालय को चलाने के लिए मासिक चार लाख रुपए का खर्चा आता है। इसमें 10 से 12 कर्मचारियों का वेतन और कार्यालय में होने वाली बैठकों का खर्च शामिल होने के सथा दिल्ली से आने वाले नेताओं के ठहरने व वाहनों के पेट्रोल-डीजल का खर्च भी है।  हाइकमान ने चंदा जुटाने के लिए जो रसीद बुकें भेजी हैं, उसमें एक रसीद बुक पर 11 हजार जुटाए जा सकते है। इसमें 100 और 500 रुपए की पर्चियां हैं। इन दिनों सुक्खू अपने पदाधिकारियों को यह रसीद बुकें भेज रहे हैं।

इन्होंने दिए एक-एक लाख रुपए

सुक्खू के कहने पर कामकाज चलाने के लिए विधायक रामलाल ठाकुर और पूर्व विधायक राम कुमार ने पार्टी को एक-एक लाख रूपए दिया है। बता दें कि दिल्ली से आने वाले पार्टी के प्रभारी या दूसरे नेता सिसिल होटल में ठहरते हैं। उनके यहां पर रहने की व्यवस्था पार्टी को ही करनी पड़ती है। साथ चंडीगढ़ से उन्हें शिमला लाने और फिर छोड़ने के सम्मान में भी पार्टी का अच्छा खासा पैसा खर्च होता है।

The post कांग्रेस की वित्तीय हालत बहुत पतली appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%b8-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%b5%e0%a4%bf%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%a4%e0%a5%80%e0%a4%af-%e0%a4%b9%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a4%a4/

No comments:

Post a Comment