काम शुरू होने पर पांच साल में तैयार हो जाएगा नौहराधार सीमेंट प्लांट
संगड़ाह – उपमंडल संगड़ाह के नौहराधार में प्रस्तावित सफेद सीमेंट प्लांट के लिए स्थानीय भू-स्वामियों द्वारा 108 हेक्टेयर जमीन दिए जाने तथा जल्द वन एवं पर्यावरण मंत्रालय द्वारा क्लीयरेंस दिए जाने की सूरत में पांच साल की तय अवधि अथवा वर्ष 2024 तक यह उद्योग काम करना शुरू कर देगा। मंत्रिमंडल से उक्त प्लांट को गत आठ मई को मंजूरी मिलने के बाद 27 जून को प्रदेश सरकार द्वारा यहां खनन कार्य की लीज के लिए भारत सरकार के उपक्रम अरावली जिप्सम को इंटरेस्ट पत्र भी जारी किया जा चुका है। परियोजना प्रबंधन द्वारा शुक्रवार को नौहराधार में अपनी तरह के इस पहले सरकारी उपक्रम के उद्योग का दफ्तर खोलकर एक और कदम आगे बढ़ाया जा चुका है। नौहराधार का दौरा कर लौटे एफसीसीआई अरावली के सह-महाप्रबंधक राजेंद्र राठौर, वित्त उप-प्रबंधक अभिषेक तथा खनन उप-प्रबंधक अंकुश सक्सेना आदि के अनुसार ग्रामीणों से मिले साकारात्मक सुझाव के मुताबिक जल्द सीमेंट प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण व क्लीयरेंस संबंधी प्रक्रिया शुरू करवाई जाएगी। करीब 1200 बीघा भूमि पर चलने वाले आज की लागत के मुताबिक 800 करोड़ के उक्त सीमेंट प्लांट के लिए अधिग्रहण की जाने वाली भूमि का गत 26 फरवरी को एसडीएम संगड़ाह की अध्यक्षता वाली कमेटी द्वारा निरीक्षण किया जा चुका है। उक्त निरीक्षण के बाद गत चार मई को उपायुक्त सिरमौर द्वारा भी भूमि को देखा गया तथा इस बारे स्थानीय लोगों की राय ली गई। जल्द परियोजना प्रबंधन तथा भू-स्वामियों की मौजूदगी में जमीन की संयुक्त निशानदेही होगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अधिकतर भू-स्वामी उचित मुआवजा मिलने पर जमीन देने को तैयार है तथा परियोजना के विस्थापितों का नियमानुसार पुनर्वास होगा। भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप तोमर, महासचिव जगत भलाड़ी, भाजयुमो ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा व जिला मीडिया प्रभारी प्रताप रावत आदि ने नौहराधार सीमेंट फैक्ट्री को कैबिनेट से मंजूरी देने व इंट्रेस्ट लेटर जारी करने के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जिला सिरमौर व प्रदेश का सरकारी उपक्रम का सबसे बड़ा व्हाईट सीमेंट उद्योग होगा तथा शुक्रवार से नौहराधार में परियोजना का कार्यकाल भी शुरू हो चुका है। नौहराधार में कृषि विज्ञान केंद्र व 66 केवी विद्युत सब-स्टेशन को मंजूरी देने के लिए भी भाजपाइयों ने प्रदेश सरकार का आभार जताया। बहरहाल जल्द सब कुछ ठीक रहा तो जल्द इस सफेद सीमेंट फैक्टरी का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा तथा 2024 तक उक्त फैक्टरी चालू हो जाएगी।
The post कंपनी ने खोला दफ्तर, भू-अधिग्रहण जल्द appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%95%e0%a4%82%e0%a4%aa%e0%a4%a8%e0%a5%80-%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%96%e0%a5%8b%e0%a4%b2%e0%a4%be-%e0%a4%a6%e0%a4%ab%e0%a5%8d%e0%a4%a4%e0%a4%b0-%e0%a4%ad%e0%a5%82-%e0%a4%85%e0%a4%a7%e0%a4%bf/
No comments:
Post a Comment