Show your support

Monday, October 22, 2018

नशाखोरों को नहीं मिलेगी ज़मानत

सोलन  – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नशाखोरों के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। सीएम ने ऐलान किया है कि प्रदेश में नशाखोरों पर नकेल कसने के लिए सख्त कानून बनाया जाएगा और कानून ऐसा होगा कि नशा रखने वाले को जमानत तक नहीं मिलेगी। वह सोलन के ठोडो ग्राउंड में विभिन्न सरकारी एवं प्राइवेट शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। इसके अतिरिक्त उन्होंने संकेत दिए कि भविष्य में आठवीं से 12वीं कक्षा तक के पाठ्यक्रम में नशा विरोधी अध्याय शुरू किया जाएगा। इस अध्याय में नशे से होने वाले दुष्परिणाम एवं बीमारियों के विषय में बच्चों को पढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया के लिए नशा चिंता का विषय बना हुआ है और देवभूमि भी नशे की लत से दूर नहीं है। यह भी पाया गया है कि प्रदेश की लगभग सभी जेलों में पड़ोसी राज्य पंजाब, हरियाणा एवं उत्ताखंड के नशा तस्कर कैद हैं, इसलिए इसे जड़ से खत्म करने के लिए इन तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ बैठक की गई। सीएम ने कहा कि मौजूदा समय में सभी राज्य नशे के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ रहे हैं।  उन्होंने कहा कि ड्रग्स तस्करों को पकड़ने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त अभियान आरंभ करने के भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ एक जबरदस्त अभियान चला रही है, जिसकी शुरुआत सोलन से की गई है। जब कोई अभियान चलता है, तो उसके परिणाम भी सकारात्मक मिलते हैं। उन्होंने मौजूद सभी से आग्रह किया कि यदि कोई दोस्त मंडली नशा ट्राई करने का आफर दें, तो आप ये कहें कि न हम ट्राई करेंगे और न ही करने देंगे। इस मौके पर उन्होंने नशा न करने की शपथ भी दिलवाई। उन्होंने जिला पुलिस सोलन का पहला महिला थाना का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व सहकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल, सांसद वीरेंद्र कश्यप और मनोचिकिस्तक वीरेंद्र मोहन व पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने भी ‘से नो टू ड्रग्ज’ पर विचार रखे। इस मौके पर सोलन के विधायक एवं पूर्व मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल भी मौजूद रहे।

नौजवान दें संदेश आंकड़े हैरान करने वाले

सीएम ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशे के दूत बनकर सामने आएं। नौजवान ही एक एसी कड़ी हैं, जो यह संदेश अपने अभिभावकों तक पहुंचा सकते हैं। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि बच्चों को ज्यादा ओपन मांइडेड न होने दें, बच्चों पर नजर बनाए रखें। यदि बच्चे की एक्टिविटी में कोई बदलाव दिखता है, तो उस पर नजरअंदाज करने की अपेक्षा गौर करें। सीएम ने कहा कि पिछले दिनों गृह विभाग की एक बैठक बुलाई गई, जिसमें सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि मीटिंग में जब नशाखोरों के आंकड़े सामने आए, तो वह चौंकाने वाले थे। साथ ही बैठक में यह भी पाया गया कि प्रति एक हजार लोगों में एक-तिहाई लोग नशे की गिरफ्त में हैं और ये सभी 18 से 40 वर्ष के मध्य हैं।

The post नशाखोरों को नहीं मिलेगी ज़मानत appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%a8%e0%a4%b6%e0%a4%be%e0%a4%96%e0%a5%8b%e0%a4%b0%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%a8%e0%a4%b9%e0%a5%80%e0%a4%82-%e0%a4%ae%e0%a4%bf%e0%a4%b2%e0%a5%87%e0%a4%97%e0%a5%80-%e0%a5%9b/

No comments:

Post a Comment