Sunday, October 14, 2018

तीन-चार दिन में बोर्ड-निगमों में मिलेंगे ओहदे

आधा दर्जन पदों पर तैनाती देने की तैयारी में प्रदेश सरकार, कभी भी हो सकता है ऐलान

शिमला – जयराम सरकार में अभी और तलबगारों को मलाईदार पद मिलेंगे। बोर्ड-निगमों में आधा दर्जन पदों की ताजपोशी का खाका तैयार कर लिया गया है। इसके चलते पिछले तीन-चार दिनों से बोर्ड-निगमों में डायरेक्टर तथा गैर सरकारी सदस्य  मनोनीत किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर संगठन से संभावितों के नाम मांगे गए हैं। इसके लिए मंडल स्तर से दावेदारों के नाम भेजने को कहा गया था। इस प्रक्रिया के आधार पर अभी पांच-छह महत्त्वपूर्ण बोर्ड-निगमों में किसी भी समय ताजपोशी संभव है। राज्य सरकार ने शनिवार को एक साथ आधा दर्जन बोर्डों में ताजपोशी का मन बनाया था। बावजूद इसके शुक्रवार शाम को ही तीन नामों पर मुहर लगने के बाद अधिसूचना जारी कर दी गई। इस कारण अब कुछ नामों पर सहमति के बावजूद अधिसूचना लटक गई है। पुख्ता सूचना के अनुसार फाइनल किए गए नामों पर किसी भी समय अधिसूचना की मुहर लग सकती है। राज्य सरकार के लिए अब कांगड़ा जिला में राकेश पठानिया को एडजस्ट करना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। तीसरी बार नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए राकेश पठानिया की जुझारू नेता की छवि रही है। दबंग राजनीति के चलते हमेशा सुर्खियों में रहने वाले राकेश पठानिया जयराम सरकार के मंत्रिमंडल के प्रबल दावेदार रहे हैं। बावजूद इसके ेऐन मौके पर जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों के चलते राकेश पठानिया कैबिनेट में शामिल नहीं हो पाए थे।  जाहिर है कि राकेश पठानिया की नाराजगी लोकसभा चुनावों में भी भाजपा के लिए खतरे की घंटी बजा सकती है। इस कारण कांगड़ा जिला के दबंग राजपूत नेता को नजरअंदाज करना आसान नहीं है। इसके अलावा हमीरपुर जिला सरकार में भागीदारी को तरस रहा है। जनजातीय क्षेत्र किन्नौर जिला भी जयराम सरकार में सत्ता सुख भोगने के लिए बेचैन है। इसी तर्ज पर सिरमौर जिला की सहभागिता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता का हिस्सा है। हालांकि इस जिला के नाहन विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए डा. राजीव बिंदल विधानसभा अध्यक्ष हैं। विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री की रेस को लेकर सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहे बिलासपुर जिला को भी जयराम सरकार से एक अदद बड़े ओहदे की दरकार है। खासकर संगठन में महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे पूर्व विधायक रणधीर शर्मा इस दौड़ में प्रबल दावेदार हैं। तलबगारों की सूची में कुल्लू तथा ऊना जिला भी हिचकोले खा रहे हैं। बहरहाल आधा दर्जन पदों के लिए किसी भी वक्त अधिसूचना जारी हो सकती है।

The post तीन-चार दिन में बोर्ड-निगमों में मिलेंगे ओहदे appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%a4%e0%a5%80%e0%a4%a8-%e0%a4%9a%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%a6%e0%a4%bf%e0%a4%a8-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%ac%e0%a5%8b%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%a1-%e0%a4%a8%e0%a4%bf%e0%a4%97%e0%a4%ae/

No comments:

Post a Comment