Show your support

Tuesday, October 30, 2018

राष्ट्रपति के काफिले को सड़कें खाली

शिमला—राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार दोपहर को शिमला पहुंचे। टांडा मेडिकल कालेज में दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के बाद राष्ट्रपति हवाई मार्ग से राजधानी शिमला पहुंचे। उनके साथ राज्यपाल आचार्य देवव्रत व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी टांडा से साथ ही शिमला आए। यहां अनाडेल हैलिपैड पर राष्ट्रपति का विमान उतरा, जिसके बाद यहां राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने उनका शिमला पहंंुचने पर स्वागत किया। यहां स्वागत के बाद राष्ट्रपति का काफिला रिट्रीट के लिए रवाना हुआ। रिट्रीट तक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर राष्ट्रपति के साथ गए। इस दौरान मंत्री व  प्रशासनिक अधिकारी भी उनके साथ थे। रिट्रीट में राष्ट्रपति का स्वागत किया गया जहां पहले से खासी तैयारियां की गई थीं। कोविंद इससे पहले भी शिमला आ चुके हैं। कोविंद का काफिला जब अनाडेल हैलिपैड से चला तो उस समय पूरा शिमला जाम कर दिया गया था। सड़कों को पूरी तरह से खाली कर दिया गया। राष्ट्रपति अनाडेल से माल रोड व राजभवन वाले मार्ग से होते हुए नवबहार व संजौली-ढली से होकर रिट्रीट पहुंचे। उनके काफिले में करीब 40 वाहन थे। इससे पहले पुलिस के सुरक्षा वाहनों ने पूरे रूट का जायजा लिया। मंगलवार को इसी रूट से होते हुए राष्ट्रपति का काफिला प्रदेश विश्वविद्यालय पहुंचेगा जहां पर दीक्षांत समारोह होना है। बताया जाता है कि कोविंद इसके बाद वापस दिल्ली लौट जाएंगे। राष्ट्रपति के काफिले के सड़क मार्ग से गुजरने के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था। जो व्यक्ति जहां था वहीं पर उसे खड़ा कर दिया गया। सभी लोग राष्ट्रपति की झलक देखने के लिए खड़े थे। जगह-जगह शहर में  उनके स्वागत के लिए तोरणद्वार लगाए गए हैं वहीं उनके रूट पर जाने वाली सड़क को पूरी तरह से चकाचक किया गया है। इसके अलावा भी शहर में सड़कों की हालत को सुधारने का काम चल रहा है। सभी सड़कों पर आज विशेष रूप से सफाई भी करवाई गई। मंगलवार को सुबह विश्वविद्यालय में होने वाले कार्यक्रम के दौरान भी सड़कों को तब तक बंद रखा जाएगा जब तक राष्ट्रपति का काफिला वहां से नहीं गुजर जाता। ढलीा-मशोबरा की ओर से आने वाले वाहनों को वहां रोक दिया जाएगा वहीं संजौली रूट भी पूरी तरह से बंद होगा।  राष्ट्रपति के जाने के बाद ही यह रास्ते खुलेंगे।

The post राष्ट्रपति के काफिले को सड़कें खाली appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.



Courtsey: Divya Himachal
Read full story> http://www.divyahimachal.com

No comments:

Post a Comment