Show your support

Friday, October 12, 2018

एक रात की दुल्हनें खाली कर गईं घर

भोरंज —लड़की सुशील है, सुंदर है, घर संभाल लेगी। यह कहकर बिचौलिए यहां गांवों के कुंवारे लड़कों के साथ एक अनजान लड़की की शादी करवा देते हैं। गांव के भोले-भाले लोग भी इन बिचौलियों के झांसे में इसलिए फंस जाते हैं कि उन्हें घर में बैठे-बिठाए अच्छा रिश्ता मिल रहा है, लेकिन शादी होने के कभी एक, कभी दो, तो कभी एक सप्ताह बाद दुल्हन ऐसा बहाना बनाकर घर से निकलती है कि दोबारा वापस नहीं आती। नतीजा शादी पर कमाई की मोटी रकम लुटा चुके ग्रामीण न केवल ठगे जाते हैं, बल्कि शर्म के मारे इस बात पर भी पर्दा डाल देते हैं। यहां बात हो रही है भोरंज क्षेत्र के तहत पड़ने वाले गांवों की। यहां विभिन्न गांवों में दर्जनभर परिवारों का आंकड़ा है, जो इस तरह से ठगे जा चुके हैं, लेकिन लोकलाज के डर से कहीं भी शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। पुलिस इसलिए कोई कार्रवाई नहीं कर पाई, क्योंकि किसी ने आज तक कोई शिकायत ही नहीं की। बिचौलियों से जब परिवार वाले संपर्क करते हैं, तो उनका कहना होता है कि हमारा काम तो शादी करवाना था। हाल ही में मंडी जिला में ऐसा मामला प्रकाश में आने के बाद कुछ दिन पहले भोरंज में भी एक मामला सुर्खियों में आया। करीब 20 दिन पहले एक दुकान में काम करने वाले युवक की एक महिला बिचौली ने नवाही माता मंदिर में शादी करवाई। इस एवज में युवक के परिजनों से 70 से 80 हजार रुपए वसूल किए गए। जिस लड़की से उसकी शादी करवाई गई थी, वह दो दिन उस लड़के के घर रही। इसके बाद मांकी बीमारी का बहाना लेकर फुर्र हो गई और साथ मे जेवरात भी लेती गई। दर्जन भर दूल्हों और उनके परिवार वालों को तीन-चार साल में कुछ ऐसे ही ठगकर दुल्हनें फरार हो चुकी हैं।

गोरखधंधे में रिश्तेदार भी शामिल

भोरंज में एक महिला नटवरलाल पूरी तरह सक्रिय है, जो भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर मोटी कमाई कर रही हैं। इस गोरखधंधे में उसके रिश्तेदार भी साथ देते हैं। ज्यादातर दुल्हनें पड़ोसी राज्यों से लाई जाती हैं। पिछले दिनों भोरंज के एक कस्बे में ऐसे ही नटवरलाल ठगी कर लोगों से पैसे ऐंठते थे, लेकिन सुर्खियों में आने के बाद पुलिस की कार्रवाई के डर से उन्होंने न केवल लोगों के पैसे लौटाए, बल्कि अपना काम धंधा भी समेट लिया।

The post एक रात की दुल्हनें खाली कर गईं घर appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%8f%e0%a4%95-%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%a4-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%a6%e0%a5%81%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%b9%e0%a4%a8%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%96%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a4%b0/

No comments:

Post a Comment