Show your support

Friday, October 12, 2018

चंबा मेडिकल कालेज के पूर्व प्रिंसीपल पर चार्जशीट की गाज तय

शिमला — विवादों में रहे चंबा मेडिकल कालेज के पूर्व प्रिंसीपल के खिलाफ चार्जशीट की गाज गिरना तय है। विभागीय जांच में दोषी पाए गए प्रिंसीपल के खिलाफ कई आरोपों की पुष्टि हुई है। इस आधार पर उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जांच में खुलासा हुआ है कि तत्कालीन प्रधानाचार्य ने कई गुना दरों पर आवास किराए पर लेकर सरकार को चूना लगाया है। चंबा मेडिकल कालेज के संचालन के लिए किराए पर हायर किए गए आधा दर्जन निजी आवासों का किराया सरकारी दरों के मुकाबले पांच से छह गुना लुटाया गया है। लिहाजा वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के घेरे में आए मेडिकल कालेज चंबा के प्रिंसीपल की मुसीबतें बढ़ सकती है। तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने 900 पन्नों की रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी है। जाहिर है कि आरोपों के आधार पर राज्य सरकार ने प्रिंसीपल को सस्पेंड कर मेडिकल कालेज से हटा दिया था। इसके तुरंत बाद मामले की जांच रिपोर्ट एचएएस अधिकारी विजय कुमार को सौंपी गई थी। जांच टीम में ज्वाइंट कंट्रोलर फाइनांस टांडा मेडिकल कालेज और डिप्टी डायरेक्टर फाइनांस शिमला को शामिल किया गया था। इस तीन सदस्यीय जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि चंबा मेडिकल कालेज में की गई भर्ती में अनियमितताएं हुई हैं। कमेटी ने कई प्रकार की अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए प्रिंसीपल के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अपनी जांच रिपोर्ट में पुष्टि की है। मेडिकल कालेज चंबा के प्रिंसीपल को निलंबन के बाद हैड ऑफिस शिमला में तैनात किया गया था। इसके बाद ही सरकार ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर इस मामले में इन्कवायरी बिठाई है। एचएएस अधिकारी विजय कुमार को चंबा मेडिकल कालेज के अतिरिक्त निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके चलते सरकार ने जांच कमेटी भी विजय कुमार की अध्यक्षता में बनाई थी। वित्तीय अनियमितताओं की जांच पड़ताल के लिए सरकार ने जांच दल में दो विशेषज्ञ अधिकारी कंट्रोलर फाईनांस के शामिल किए हैं। लिहाजा अब इस तीन सदस्यीय जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने चंबा मेडिकल कालेज के तत्कालीन प्रिंसीपल के खिलाफ चार्जशीट देने का फैसला लिया है। इसके चलते आरोपी प्रिंसीपल को चार्जशीट का जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया जाएगा। इस आधार पर सरकार प्रिंसीपल के खिलाफ कार्रवाई तय करेगी।

The post चंबा मेडिकल कालेज के पूर्व प्रिंसीपल पर चार्जशीट की गाज तय appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%9a%e0%a4%82%e0%a4%ac%e0%a4%be-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%a1%e0%a4%bf%e0%a4%95%e0%a4%b2-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a5%87%e0%a4%9c-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%aa%e0%a5%82%e0%a4%b0%e0%a5%8d/

No comments:

Post a Comment