Show your support

Monday, October 29, 2018

धनतेरस-दिवाली पर जोरदार बिजनेस की उम्मीद

शिमला —शिमला में फेस्टिवल सीजन की धूम है। शहर में करवाचौथ पर्व के लिए खूब रौनक रही। बाजारों में खरीददारी के लिए भीड़ उमड़ने से कारोबारियों ने मंदी से कुछ हद तक की राहत ली है। ऐसे में कारोबारी वर्ग अब धनतेरस व दिवाली पर भी अच्छे कारोबार की उम्मीद लगा रहे हैं। शिमला में नवरात्र पर कारोबार मंदी भरा रहा। फेस्टिवल सीजन की शुरुआत में ही नवरात्र पर कारोबार न होने से कारोबारियों के चेहरों पर मायूसी छा गई थी, मगर करवाचौथ के लिए बाजारों में खूब भीड़ उमड़ी और महिलाओं ने पर्व की रस्में अदा करने के लिए जमकर खरीददारी भी की, जिससे मंदी में चल रहे कारोबार ने गति पकड़ ली है। कारोबारियों के अनुसार इस करवाचौथ पर कारोबार अच्छा रहा है। इतना ही नहीं करवाचौथ पर बीते वर्ष के मुकाबले ज्यादा कारोबार होने का आंकलन लगाया गया है, जिसको देखते हुए कारोबारी वर्ग अब धनतेरस और दिवाली पर और ज्यादा कारोबार होने की उम्मीदें लगा रहे हैं।

शिमला में कूल हुआ मौसम, पर्यटन बढ़ा

शिमला में सुबह व शाम के समय ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। हालांकि दिन के समय धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। मगर सुबह व शाम के समय सर्द हवाओं के चलने से लोग गर्म वस्त्र ओढ़ने को मजबूर हो गए हैं। मौसम की करवट के साथ शिमला में बाहरी राज्यों से काफी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं जिससे पर्यटन कारोबार में उछाल आया है।

शिमला की फल मंडियों में सेब कारोबार सिमटा

शिमला में सेब कारोबार खत्म हो गया है। अराइवल न होने के चलते जिला शिमला की सभी मंडियों में सेब खरीद फरोख्त का कार्य बंद हो गया है। सेब कम होने से इस मर्तबा शिमला की फल मंडियों में सेब खरीद फरोख्त का कार्य जल्द सिमट गया है।

शिमला में पकड़ा हरियाणा का तस्कर

शिमला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शहर में आईएसबीटी से एक चरस तस्कर को पकड़ा है, जो मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला बताया जा रहा है। इसके पास से पुलिस ने 92 ग्राम चरस बरामद की, जिसके अलावा पुलिस ने शहर के संजौली व कुसुम्पटी से भी चिट्टे व चरस के साथ युवकों को हिरासत में लिया है। शिमला पुलिस ने शहर में नशे के खिलाफ अभियान छेड़ा हुआ है।

निगम कर्मचारी से दिनदिहाड़े मारपीट

नगर निगम शिमला के आयुक्त के पीए से शिमला में दिनदिहाड़े मारपीट हुई थी। मारपीट करने वाला कानूनगो बताया जा रहा है, जो ऊना में कार्यरत है और वह पूर्व में नगर निगम शिमला में ही पटवारी पद पर तैनात था। पुलिस ने उक्त प्रकरण में मामला दर्ज कर दिया था।

शहर में निगम व सिविल सप्लाई की छापेमारी

फेस्टिवल सीजन के मद्देनजर शिमला में विभिन्न विभाग सक्रिय हो गए हैं। शहर में नगर निगम व फूड एंड सिविल सप्लाई द्वारा जगह-जगह छापेमारी की जा रही है और नियमों को ताक में रखने वाले कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

फेस्टिवल सीजन को सजे बाजार

शिमला के बाजार करवाचौथ के बाद धनतेरस व दिवाली पर्व के लिए पूरी तरह से सज चुके हैं। ग्राहकों को रिझाने के लिए बाजारों में डिस्काउंट व गिफ्ट आइटम खरीददारी पर दिए जा रहे हैं। कारोबार को चमकाने के लिए कारोबारी वर्ग हर तरह से प्रयास कर रहे हैं।

एचपीयू में दीक्षांत समारोह 30 को प्रदेश विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह 30 अक्तूबर को मनाया जाएगा, जिसमें राष्ट्रपति बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। शिमला में राष्ट्रपति के आगमन के लिए तैयारियां जोरों पर हंै।

शहर में रूटीन से मिल रहा पानी, नहीं हो रही परेशानी

राजधानी शिमला के विभिन्न क्षेत्रों में जनता को रूटीन के तहत पानी मिल रहा है, जिसके चलते अब जनता को पेयजल के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। पूर्व में शिमला में जनता ने भारी पेयजल किल्लत झेली थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य होने से लोगों ने राहत की सांस ली है और उन्हें पानी को लेकर परेशान नहीं होना पड़ रहा है।

The post धनतेरस-दिवाली पर जोरदार बिजनेस की उम्मीद appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.



Courtsey: Divya Himachal
Read full story> http://www.divyahimachal.com

No comments:

Post a Comment