Show your support

Sunday, October 28, 2018

राष्ट्रपति के काफिले में चलेंगी 19 गाडि़यां

पुलिस-अस्पताल प्रशासन ने की रिहर्सल, आज भी जारी रहेगा दौर

कांगड़ा—राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 29 अक्तूबर को डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा के दौरे के दौरान उनके काफिले में 19 वाहन शामिल होंगे। इनके अलावा पुलिस एक्सकॉर्ट के वाहन तथा एंबुलेंस भी काफिले में शामिल रहेंगी।  शनिवार को पुलिस तथा अस्पताल प्रशासन ने भी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर दिन भर रिहर्सल की। इसमें सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गगल एयरपोर्ट से लेकर टीएमसी परिसर तक काफिले की आवाजाही को लेकर रिहर्सल की गई। इसमें राष्ट्रपति के काफिले के टीएमसी पहुंचने तक के संभावित मार्ग से वाहनों की आवाजाही की गई। साथ ही राष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस जवान भी इस रूट पर खड़े रहे। टांडा में सोमवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कालेज के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचेंगे। टीएमसी में पहली बार आयोजित हो रहे इस समारोह की तैयारियों को लेकर कालेज प्रशासन सहित जिला प्रशासन भी तैयारियों में जुटा हुआ है। इसके चलते सड़कों की दशा सुधारने के साथ ही टीएमसी की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले लंबे समय से सरदार सोभा सिंह सभागार की चारदीवारी के साथ उगी झाडि़यों को भी साफ कर दिया गया है। रविवार को पुलिस द्वारा इस सबंध में फाइनल रिहर्सल की जाएगी।

व्यवस्थाएं दुरुस्त

टीएमसी के वीवीआईपी और वीआईपी वार्ड में व्यवस्थाओं को दुरूस्त किया गया है। अस्पताल के तृतीय मंजिल पर स्थित रूम नंबर 305 तथा 306 में विशेष व्यवस्था रहेगी। सुपरस्पेशियलिटी में स्थित सीटीवीएस ओटी को भी स्टैंड वाई रखा गया है।

ऑटो को एंट्री नहीं

टीएमसी में सोमवार को अन्य वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। ऑटो की एंट्री भी टीएमसी परिसर में नहीं होगी। आपात स्थिति में केवल चार एंबुलेंस मौजूद रहेंगी।

अच्छा होता दिल्ली में ही दिलवा देते डिग्रियां

 कांगड़ा —टीएमसी में राष्ट्रपति के एक घंटे के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए हो रहे खर्च पर चर्चा आरंभ हो गई है। लोगों का कहना है कि एक घंटे के इस कार्यक्रम के लिए लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। खर्च की बजाय कालेज प्रशासन राष्ट्रपति से समय लेकर विद्यार्थियों को दिल्ली ले जाकर ही डिग्रियां दिलवा देता। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 अक्तूबर को टीएमसी के दीक्षांत समारोह में पहुंच रहे हैं। इस दौरान राष्ट्रपति 110 मेधावियों को उपाधियों से सम्मानित करेंगे।  इनमें से आठ विद्यार्थियों को 11 सवर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।  इसके अलावा उपाधियां प्राप्त करने वालों में 30 स्नातकोत्तर और 80 स्नातक विद्यार्थी शामिल हैं। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के सरदार सोभा सिंह सभागार में सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे राष्ट्रपति कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। आम जनता द्वारा इस कार्यक्रम पर इतना खर्च करने की बजाय दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों विद्यार्थियों को डिग्रियां दिलवाने की बात कर रहे हैं।

The post राष्ट्रपति के काफिले में चलेंगी 19 गाडि़यां appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%b7%e0%a5%8d%e0%a4%9f%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%aa%e0%a4%a4%e0%a4%bf-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%ab%e0%a4%bf%e0%a4%b2%e0%a5%87-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82/

No comments:

Post a Comment