इनफिनिटी राइड-2018 साइकिलिंग रैली रवाना, नौ दिव्यांग भी दिखाएंगे दम
शिमला – जिस कठिन व दुर्गम सड़क से चौपहिया वाहनों से भी लोग गुजरने से कतराते हैं, उसी सड़क पर ऐसे लोग साइकिल से गुजरेंगे, जो दुर्भाग्यवश दिव्यांग हो चुके हैं। अपने जज्बे के दम पर ही ये लोग स्पीति से गुजरने वाले दुनिया के दूसरे सबसे ऊंचे व दुर्गम मार्ग को नापेंगे। रविवार को नौ पैरा-साइकलिस्ट इनफिनिटी राइड-2018 साइकिलिंग रैली में शिमला से रवाना हुए हैं। इस साइकिलिंग रैली को डीजीपी एसआर मरड़ी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनफिनिटी राइड-2018 शिमला, किन्नौर, लाहुल-स्पीति और मनाली तक 3000 फुट से लेकर 14009 फुट ऊंचे व दुर्गम स्थलों से होकर गुजरेगी। 15 अगस्त को यह रैली मनाली पहुंचेगी, जहां केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू प्रतिभागियों को रिसीव करेंगे। इस रेस का आयोजन बीएसएफ और आदित्य मेहता फाउंडेशन द्वारा मिलकर किया जा रहा है। साइकिलिंग रैली को हरी झंडी दिखाते हुए डीजीपी एसआर मरड़ी ने प्रतिभागियों को इसके लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह साइकिलिंग रैली बीते चार सालों से आयोजित की जा रही है और इसका मकसद दिव्यांगों का हौसला बढ़ाना है। इस अवसर पर एडीजीपी बीएसएफ पश्चिमी कमान केएन चौबे ने कहा कि पैरा एथलीट की उपलब्धियों से लोगों को प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ दिव्यांगों को प्रोत्साहित करने के लिए बढ़-चढ़कर काम करता रहा है।
दस दिनों का रहेगा रोमांचकारी सफर
इनफिनिटी राइड-2018 रविवार को शिमला से आरंभ हो गई। इस रेस में कुल 39 साइकलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें से 9 पैरा साइकलिस्ट हैं। इस रेस में नौ महिला प्रतिभागी भी शिरकत कर रही हैं। पहले दिन रविवार को इस रैली ने शिमला से नारकंडा तक के 65 किलोमीटर लंबे रूट को तय किया। यह रैली छह अगस्त को नारकंडा से रामपुर (90 किमी), सात अगस्त को रामपुर से कल्पा (96 किमी), आठ अगस्त को कल्पा से पूह (60 किमी), नौ अगस्त को पूह से नाको ( 35 किमी), 10 अगस्त को नाको से ताबो ( 60 किमी), 11 अगस्त को ताबो से काजा (60किमी), 12 अगस्त को काजा से लोसर (60 किमी), 13 अगस्त को लोसर से छातरु (50 किमी), 14 अगस्त को छातरु से पलचान (71 किमी), 15 अगस्त को पलचान से मनाली ( 12 किमी) का सफर तय करेगी। इस तरह यह रैली करीब 700 किलोमीटर के दुर्मग स्थलों से होकर गुजरेगी।
The post दुर्गम रास्तों को नापने निकले पैरा साइकिलिस्ट appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/08/%e0%a4%a6%e0%a5%81%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%97%e0%a4%ae-%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%b8%e0%a5%8d%e0%a4%a4%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%aa%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%a8/
No comments:
Post a Comment