Show your support

Sunday, August 5, 2018

परमार जयंती पर अब बड़े समारोह करेगी सरकार

सीएम का सालों की परिपाटी बदलने का ऐलान, सिर्फ रस्म अदायगी नहीं होगी

शिमला— सालों से चली आ रही परिपाटी को बदलते हुए प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि हिमाचल निर्माता स्वर्गीय डा. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर बड़ा समारोह हो। मुख्यमंत्री ने शनिवार को विधानसभा में ऐलान किया किया कि स्वर्गीय परमार की जयंती मात्र रस्म अदायगी नहीं है, जो यहां पहले से होती आ रही है। सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत मुख्यमंत्री ने कहा कि डा. परमार की जयंति पर अब तक विधानसभा के एक छोटे से हॉल में कार्यक्रम होते आए हैं, परंतु रस्म अदायगी के रूप में एक छोटा सा कार्यक्रम कर देना नाकाफी है। इस पुरानी व्यवस्था को बदला जाएगा और भविष्य में पीटरहॉफ में एक बड़ा समारोह सरकार द्वारा आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को डा.परमार द्वारा दिए गए योगदान के बारे में जानकारी होनी चाहिए। इसलिए जरूरी है कि बड़े समारोह में उनकी जीवनी दिखाई जाए और युवाओं को बताया जाए कि परमार हिमाचल के लिए क्या सोच रखते थे और उन्होंने प्रदेश के लिए क्या किया है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में डा. परमार को पुष्पांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश संसदीय समूह द्वारा आयोजित किया गया था। सीएम ने कहा कि डा. परमार का प्रदेश के किसानों के कल्याण तथा समाज के कमजोर वर्गों के प्रति हमेशा संवेदनशील दृष्टिकोण रहा तथा उन्होंने हमेशा ही इनके समग्र विकास को प्राथमिकता दी।  इन्हीं के नेतृत्व में प्रदेश को अलग पहचान बनाने में सफलता मिली और हिमाचल प्रदेश भारतीय गणराज्य के 18वें राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। डा. परमार ने प्रदेश में सड़कों के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, क्योंकि वह मानते थे कि सड़कें ही पहाड़ी राज्य के विकास की भाग्य रेखाएं हैं। हमें डा. परमार के जीवन व कार्य से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर डा. वाईएस परमार के जीवन चरित्र पर प्रस्तुति दी गई। विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि डा. परमार एक जन नेता थे, जिनका लोगों से सीधा संवाद था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री, विधायकगण, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर तथा डा. राधारमण शास्त्री, पूर्व मंत्री, नगर निगम शिमला की महापौर कुसुम सदरेट, उपमहापौर राकेश, डा. परमार के सुपुत्र एवं पूर्व विधायक कुश परमार व उनके परिवार के सदस्यों ने भी डा. परमार को पुष्पाजंलि अर्पित की।

 

The post परमार जयंती पर अब बड़े समारोह करेगी सरकार appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/08/%e0%a4%aa%e0%a4%b0%e0%a4%ae%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%9c%e0%a4%af%e0%a4%82%e0%a4%a4%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%85%e0%a4%ac-%e0%a4%ac%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a5%87-%e0%a4%b8%e0%a4%ae%e0%a4%be/

No comments:

Post a Comment