Show your support

Sunday, August 5, 2018

चिट्टा खत्म करेंगे जयराम

पंजाब-हरियाणा-उत्तराखंड-जे एंड के से मिलकर नशे का धंधा रोकेगी हिमाचल सरकार

शिमला— हिमाचल सरकार चार पड़ोसी राज्यों से मिलकर चिट्टा की सप्लाई रोकेगी। जयराम सरकार ने हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर की सरकारों को पत्र लिखकर नशे के खिलाफ कॉबिंग आपरेशन शुरू करने का आग्रह किया है। इसका खुलासा करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में नशे की खेप बॉर्डर के रास्ते से पहुंच रही है। नशा तस्करों ने राज्य के शिक्षण संस्थानों को टारगेट करते हुए अपने धंधे का जाल बिछाया है। शनिवार को प्रवास पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने सचिवालय में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि प्रदेश के  युवा और स्कूल-कालेज के बच्चे नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। इसके चलते हिमाचल सरकार के लिए नशे से निपटना प्रमुख चुनौती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे पर अंकुश लगाने के लिए खुफिया एजेंसियों को सक्रिय किया गया है। पुलिस विभाग भी इस पर सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। नतीजतन नाईजीरियन सहित कई विदेशियों की गिरफ्तारियां हुई है। मुख्यमंत्री का कहना है कि नशे को जड़ से उखाड़ फेंकना मेरी प्राथमिकता में शामिल है। इसके लिए समाज का भी सरकार को सहयोग जरूरी है। नशे की लत लगते ही बच्चों में व्यावहारिक बदलाव के लक्षण आते हैं। इसकी सबसे पहले भनक परिजनों को लगती है। इसके अलावा स्कूल-कालेज के शिक्षकों को छात्रों के व्यवहार में होने वाले बदलाव  साफ दिखाई देते हैं। इस कारण यह दायित्व परिजनों से लेकर पूरे समाज का बनता है कि इस परिस्थिति से गुजरने वाले बच्चों को समझदारी से टेकल किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में ज्यादातर नशा पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों से पहुंच रहा है। इस कारण मैंने व्यक्तिगत रूप से पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से यह मामला उठाया है। इन राज्यों के गृह विभागों को भी पत्र लिखकर संयुक्त आपरेशन आरंभ करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे से निपटने के लिए सरकार कड़े कदम उठा रही है।

युवाओं को नशे के गर्त से निकालेंगे 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की लत से युवाओं को बाहर लाने के लिए राज्य सरकार प्रदेश में रिहेबिलिटेशन सेंटर स्थापित करेगी। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों के अलावा काउंसलर तैनात होंगे। इन केंद्रों का सारा खर्चा राज्य सरकार उठाएगी।

तस्करों का साथ देने वाले भी फंसेंगे

जयराम ठाकुर ने कहा कि नशे के धंधे में शामिल लोगों का साथ देने वालों को भी नहीं बक्शा जाएगा। गुप्तचर एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षण संस्थानों पर खुफिया नजर रखी जाए। इसके अलावा निजी संस्थाएं भी इस मुहिम में अपना योगदान देने के लिए आगे आए।

मनाली-लेह के लिए तीन और सुरंगें

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतांग टनल की तर्ज पर मनाली से लेह के लिए तीन और सुरंगों का निर्माण होगा। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस मार्ग की चार टनलों के निर्माण के बाद मनाली से लेह की दूरी बेहद कम हो जाएगी। इसके बाद चार से पांच घंटे में मनाली से लेह का सफर पूरा किया जा सकेगा।

The post चिट्टा खत्म करेंगे जयराम appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/08/%e0%a4%9a%e0%a4%bf%e0%a4%9f%e0%a5%8d%e0%a4%9f%e0%a4%be-%e0%a4%96%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%ae-%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87-%e0%a4%9c%e0%a4%af%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%ae/

No comments:

Post a Comment