नेरवा/चौपाल – फ्रेंड्स स्पोर्ट्स एवं कल्चरल क्लब नेरवा द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली 16 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर चौपाल के विधायक बलवीर सिंह वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया। आखिरी दिन के मुकाबलों के रोमांच का आनंद लेने के लिए नेरवा कालेज के क्रिकेट स्टेडियम में पांच हजार से अधिक दर्शक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, सिरमौर, सोलन, परवाणू व जिला शिमला की 86 टीमों ने भाग लिया। अंतिम दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसमें पहले अति रोमांचक व नजदीकी सेमी फाइनल मुकाबले में बीडी इलेवन नेरवा की टीम ने डबल ए ठियोग की टीम को मात्र दो रन से पटखनी देकर फाइनल मुकाबले के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया। बीडी इलेवन ने निर्धारित 15 ओवर में 90 रन बना कर डबल ए को 91 रन का लक्ष्य दिया था, परंतु डबल ए लक्ष्य के बिल्कुल करीब पहुंच कर ढ़ेर हो गई व मात्र 88 रन ही बना पाई। दूसरा सेमीफाइनल चम्याणा व रोहड़ू की टीमों के बीच खेला गया। चम्याणा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 88 रन बनाए। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोहड़ू की टीम मात्र 74 रन पर ही ढ़ेर हो गई। इस प्रकार चम्याणा ने फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले में बीडी इलेवन ने चम्याणा को दस विकेट से हरा कर खिताब अपनी झोली में डाल लिया। चम्याणा टीम के राहुल को प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया, जबकि ट्रिपल ए ठेकरा के रमेश भिख्टा के सिर पर हफनमौला खिलाड़ी का ताज सजा। आयोजकों की तरफ से विजेता टीम को एक लाख रुपए व ट्रॉफी एवं उपविजेता टीम को 51 हजार रुपए प्रदान किए गए। इसके अलावा सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को ग्यारह-ग्यारह हजार रुपए दिए गए। मुख्यातिथि बलवीर सिंह वर्मा ने आयोजकों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी व आयोजकों को एक लाख एक हजार रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर ए क्लास ठेकेदार उत्तेज सिंह राठौर ने गेस्ट ऑफ ओनर, ए क्लास ठेकेदार यशवंत दीवान व अजय राठौर ने विशेषातिथि के रूप में शिरकत की।
^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal
No comments:
Post a Comment