Show your support

Saturday, February 3, 2018

बजट के विरोध में प्रदर्शन

रामपुर बुशहर – रामपुर में एसडीएम कार्यालय के बाहर केंद्र की मोदी सरकार के मजदूर विरोधी बजट के खिलाफ सीटू ने धरना-प्रदर्शन किया। सीटू ने कहा कि यह बजट मजदूरों के विरूद्ध है। इस बजट में केंद्र की सरकार ने मजदूरों द्वारा समय-समय पर उठाई गई मांगों को दरकिनार किया है। मजदूरों को कोई वित्तीय लाभ इस बजट से नहीं हुआ है। वहीं, देश में बढ़ रही महंगाई पर रोक लगाने के लिए सरकार द्वारा बजट में कोई विशेष कदम नहीं उठाया गया है। शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सीटू के जिलाध्यक्ष बिहारी सेवगी और कुलदीप ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि इस बजट में भी केंद्र सरकार ने ठेकाकरण को बढ़ावा दिया है, जिससे मजदूरों का शोषण और बढ़ने वाला है। आंगनबाड़ी, मिड-डे मील और आशा वर्कर्ज के लिए कोई आर्थिक लाभ सरकार द्वारा नहीं दिया गया है। बजट से देश के किसानों के साथ फिर धोखा किया गया। केवल आंकड़ों के खेल से किसानों को मरहम लगाने की कोशिश की जा रही है, जबकि उनके लिए कोई बुनियादी योजना नहीं बनाई गई है। नौजवानों की नौकरी के लिए कोई बड़ी योजना नहीं है, सब कुछ ठेकेदारी प्रथा में, फिक्स टर्म, परमानेंट नौकरी का केवल सपना दिखाया गया है। लोकल कमेटी रामपुर के सचिव देवकी नंद ने कहा है कि मोदी सरकार द्वारा पेश किया गया बजट कॉरपोरेट को फायदा देने के अलावा कुछ नहीं है। बजट में अनदेखी की गई है और इससे अब हर वर्ग आहत है। धरने-प्रदर्शन के दौरान सीटू क्षेत्रीय कमेटी सदस्य राम दास, नरेंद्र देष्टा, सुरेंद्र, अंकित, जसवीर, श्यामा, राज, तिलक, ललित, राजेंद्र, मोहिंद्र, गोपी, राधा, मंजू, थली राम, रमन शर्मा, मनित, राकेश, प्रेम चौहान, अशोक, शीला, पवन, मोनी, राकेश, दीपक, विद्या, माया और गोपाल सहित अन्य मौजूद रहे और इन्होंने जमकर हल्ला बोला।


^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment