शिमला – मौसम विभाग का पूर्वानुमान फिर बदला है। अब मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में तीन फरवरी तक नहीं, बल्कि पांच,छह फरवरी को बारिश-बर्फबारी होगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान में मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में चार जनवरी तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीदें जताई हैं। जबकि पांच-छह फरवरी को एक दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावनाएं जताई हैं। मौसम विभाग ने मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में जनवरी माह के आखिर में 29 से 31 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी की संभावनाएं जताई थी। मगर इस दौरान मौसम शुष्क बना रहा। इसके बाद विभाग ने तीन फरवरी को बारिश बर्फबारी होने की उम्मीदें जताई थी। अब फिर से पूर्वानुमान में बदलाव आया है जिसके तहत अब मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में पांच-छह फरवरी को बारिश होगी। जबकि सात-आठ फरवरी को फिर से मौसम शुष्क बना रहेगा। शुक्रवार को जिला शिमला में मौसम शुष्क बना रहा। जिला में दिनभर चटक धूप खिली रही जिससे अधिकतम तापमान में बीते रोज के मुकाबले हल्की बढ़ोत्तरी आई है। मगर शिमला के न्यूनतम तापमान में गुरुवार के मुकाबले एक डिग्री तक गिरावट आई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री से लुढ़ककर 6.1 डिग्री तक पहुंच गया है। जिला शिमला में इस विंटर सीजन के दौरान अभी तक सामान्य से कम बारिश हुई है। शिमला में सामान्य से 45 फीसदी (मिलीमीटर) कम बारिश हुई है जिसके चलते अभी भी किसानों-बागबानों को ड्राई स्पैल से पूरी तरह छुटकारा नहीं मिल पाया है। किसान-बागबान अभी भी बारिश-बर्फबारी होने की राह देख रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए किसान-बागबान अब पांच-छह फरवरी का इंतजार कर रहे हैं।
^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal
No comments:
Post a Comment