Show your support

Saturday, February 3, 2018

रामपुर में हक के लिए मजदूरों ने बोला हल्ला

रामपुर बुशहर – नगर परिषद रामपुर में कार्यरत ठेका मजदूर यूनियन नप के खिलाफ तल्ख हो गई है। मजदूरों ने सीटू के बैनर तले शुक्रवार को मांगों को लेकर नगर परिषद के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। कार्यालय का घेराव करते हुए मजदूरों ने ऐलान किया कि यदि नगर परिषद रामपुर ने जल्द ही मांगों को पूरा नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान ठेका सफाई मजदूरों ने न्यूनतम वेतन, एरियर, यूनिफॉर्म, जूते, मास्क और झाड़ू सहित अन्य सामान मुहैया करवाने की मांग की है। इसके अलावा यूनियन ने सभी सफाई करने वाले मजदूरों के स्वास्थ्य जांच करने की मांग भी की। धरने को सीटू नेता बिहारी सेवगी और कुलदीप ने संबोधित किया। उनकी अध्यक्षता में आयोजित धरने में दर्जनों ठेका सफाई मजदूरों ने नगर परिषद के खिलाफ हल्ला बोला। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी द्वारा सभी मांगों को मानने के बाद धरना समाप्त किया गया और मजदूर शांत हुए। तत्पश्चात नगर परिषद और यूनियन के बीच बैठक का आयोजन किया गया। नप और सीटू नेताओं के बीच आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी मजदूरों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दी जाएगी और उनके एरियर की बकाया राशि का भुगतान भी एक सप्ताह में किया जाएगा। सभी सफाई कर्मियों को यूनिफॉर्म, जूते, मास्क और झाड़ू आदि सामान भी उपलब्ध करवाया जाएगा। बिहारी सेवगी ने बताया कि यदि मजदूरों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी 63 सौ रुपए प्रतिमाह है और मजदूरों को ठेकेदार द्वारा केवल पांच हजार रुपए वेतन दिया जा रहा है। एरियर की पूरी राशि नहीं दी जा रही है। इस मौके पर देवकी नंद, पूर्ण चंद ठाकुर, ललित और राम लाल सहित कई अन्य मौजूद रहे।


^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment