शिमला – शिमला में भारी हिमपात से दिक्कतें झेल चुके लोग फिर से बर्फबारी के पूर्वानुमान को लेकर सहमे हुए थे। शिमला में पूर्वानुमान के तहत बर्फबारी भी हुई, मगर प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए जनता को पेश आने वाली दिक्कतों से बचा लिया। प्रशासन की मुस्तैदी से दोपहर तक सभी मार्ग बहाल हो गए थे, वहीं वाहनों की आवाजाही भी आरंभ हो गई थी। नगर निगम द्वारा सोमवार को सबसे पहले आईजीएमसी व कमला नेहरू अस्पताल का मार्ग बहाल किया गया। संभावित बर्फबारी को मद्देनजर रखते हुए पहले से ही एक जेसीबी आईजीएमसी और एक जेसीबी कमला नेहरू अस्पताल में खड़ी करके रखी गई थी,जैसे ही बर्फबारी शुरू हुई उसी वक्त से उक्त सड़क को साफ करना शुरू कर दिया गया, ताकि मरीजों को अस्पताल में आने-जाने के लिए किसी दिक्कत का सामना न करना पड़े। नगर निगम महापौर संजय चौहान ने बताया कि इसके अलावा अभी तक राजभवन रोड, लक्कड़ बाजार से संजौली, ऑक ओवर, होली लॉज, भराड़ी हाई कोर्ट रोड, बालूगंज से चौड़ा मैदान, समरहील, रिज टका बैंच, विंटर फील्ड से डीसी आफिस, ऐजी आफिस इत्यादि सभी सड़कों से बर्फ हटाकर साफ कर दी गई। इसके अतिरिक्त ओल्ड बस स्टैंड से राम बाजार होते हुए लोअर बाजार तक की सड़क से बर्फ हटा दी गई है। नगर निगम शिमला ने बर्फबारी से निपटने के लिए इस समय छह जेसीबी, दो रोबोट व छोटी गाडि़यां बर्फ को हटाने के लिए लगा रखे हैं। इसके अतिरिक्त जहां जेसीबी और रोबोट नहीं जा सकते उन रास्तों को साफ करने के लिए नगर निगम की लेबर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम के कर्मचारी रात-दिन कार्य कर रहे हैं और लोगों की शिकायतों को निपटानेे के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। सोमवार को शिमला शहर को लगभग 29 एमएलडी पानी प्राप्त हुआ है और जिन क्षेत्रों मे इस समय पानी की सप्लाई चल रही है। उन्होंने कहा कि संभावित बर्फबारी को देखते हुए शनिवार व रविवार के दिन भी घरों से कूड़ा उठा लिया गया था। इसके अतिरिक्त नगर निगम ने हिमलैँड , विकासनगर, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, संजौली, आईएसबीटी, ढली बाजार, संजौली बाजार, न्यू शिमला आदि क्षेत्रों से कुडे़ के डंपरों को उठाया गया है और सैहब सोसायटी की पिकअप को संबंधित क्षेत्रों में कूड़ा उठाने के लिए भेज दिया गया है।
आज यहां होगी पानी की सप्लाई
मंगलवार को न्यू शिमला सेक्टर एक, दो, तीन ,चार, राम बाजार, लोअर बाजार, कलेस्टन भराड़ी, इंजनघर, संजौली क्षेत्रों में पानी की सप्लाई की जाएगी।
पूरी खबर पढ़े >>
source: DivyaHimachal
No comments:
Post a Comment