Show your support

Tuesday, January 17, 2017

शिमला में ठंड प्रचंड, -0.3 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

शिमला  – ताजा हिमपात के चलते फिर से शिमला शीतलहर की चपेट में आ गया है। हिमपात से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है, जिससे एक मर्तबा फिर न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री में पहुंच गया है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ा है। जिला शिमला में रविवार शाम से ही बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया था, जो सोमवार सुबह तक जारी रहा। जिला के ठियोग, नारकंडा, खड़ा पत्थर, शिमला व मशोबरा में ताजा हिमपात हुआ है। ठियोग में 15.0, मशोबरा में 12.0, और शिमला में 10.0 सेंटीमीटर हिमपात रिकार्ड किया गया है। इसके अलावा जिला के शेष क्षेत्रों में बारिश हुई है। बारिश-हिमपात के बाद जिला का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर फिर से माइनस डिग्री में पहुंच गया है। सोमवार को शिमला में न्यूनतम तापमान -0.3 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत जिला शिमला में 18 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि विभाग द्वारा 19 जनवरी को मौसम खुलने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।

रिज पर सैलानियों ने की मस्ती

हिल्स क्वीन में ताजा बर्फबारी का सैलानियों ने जमकर लुत्फ उठाया। रविवार शाम के समय बर्फबारी होते ही शहर के रिज पर सैलानियों ने जश्न शुरू कर दिया था। सोमवार को दिन भर शहर के पर्यटक स्थलों में सैलानियों को मौज-मस्ती करते हुए देखा गया, वहीं ताजा बर्फबारी के बाद हिल्स क्वीन में सैलानियों की संख्या भी बढ़ी है, जिसके चलते पर्यटन कारोबार चरम पर है। शिमला में बर्फबारी के चलते सोमवार सुबह के समय कड़ाके की ठंड पड़ी, मगर दोपहर बाद मौसम के खुलने से सूर्य देव के दर्शन भी हुए।


पूरी खबर पढ़े >>
source: DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment